गाजीपुर: तेज रफ्तार ट्रक ने कार में मारी टक्कर, पिता की मौत और पुत्र की हालत गंभीर
गाजीपुर के करहिया गांव निवासी राजकुमार उपाध्याय (55) अपने पुत्र और गांव के ही मिंटू उपाध्याय के साथ भदौरा बाजार से घर जा रहे थे। बकैनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
विस्तार
गाजीपुर के गहमर क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सामने आ रहा कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पिता की मौत हो गई। जबकि पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
करहिया गांव निवासी राजकुमार उपाध्याय (55) अपने पुत्र धीरज (20) एवं गांव के ही मिंटू उपाध्याय (45) के साथ शनिवार सुबह सुबह निजी वाहन से सामान खरीदने के लिए भदौरा बाजार गए थे। वहां से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। करीब दोपहर एक बजे बकैनिया मोड़ स्थित यूनियन बैंक के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
घटना के बाद जहां वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए भदौरा सीएचसी पहुंचाया गया।
जहां गंभीर रूप से घायल राजकुमार उपाध्याय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके पुत्र धीरज की स्थिति नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।