UP: दही की प्लेट में चूहा मिला...न्यू सम्राट ढाबा सीज, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल; पहुंचा खाद्य विभाग
गाजीपुर स्थित न्यू सम्राट ढाबा में ग्राहकों के बीच उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दही की प्लेट में चूहा दिखा। इसका वीडियो बनाकर वायरल किया गया। खाद्य सुरक्षा व औषधी प्रशासन विभाग ने इसका संज्ञान लिया और कार्रवाई की।
विस्तार
गाजीपुर में एक मामूली चूहे की वजह से न्यू सम्राट ढाबा प्रशासन की कार्रवाई की जद में आ गया। खाद्य सुरक्षा व औषधी प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय आरसी पांडेय ने बताया कि ढाबे में खाना खाने आए एक ग्राहक को दही की प्लेट में चूहा मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
उन्होंने बताया कि वीडियो सामने आते ही मामले का संज्ञान लिया गया और खाद्य विभाग की टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को न्यू सम्राट ढाबा पर छापेमारी की।
जांच के दौरान ढाबा संचालक ने भी यह स्वीकार किया कि दही की प्लेट में चूहा पाया गया था। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए खाद्य विभाग ने ढाबे को सीज कर दिया और अगले आदेश तक खाना बनाने व परोसने पर रोक लगा दी गई।
टीम ने की कार्रवाई
उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग की छापेमारी में दही में चूहा मिलने के अलावा कई अन्य गंभीर खामियां भी सामने आईं। बताया कि ढाबे में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी, पेस्ट कंट्रोल की कोई व्यवस्था नहीं थी और बर्तनों की गुणवत्ता सहित कई मानक नियमों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
इस संबंध में खाद्य विभाग के संयुक्त निदेशक आरके पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है। जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। फिलहाल ढाबे को सीज कर दिया गया है और जब तक सभी खामियां दूर नहीं की जातीं, तब तक यहां खाना बनाने और परोसने का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।