मुहम्मदाबाद। क्षेत्र के बैजलपुर स्थित सिद्धपीठ सोमेश्वरनाथ धाम पर होने वाले श्री सीताराम महायज्ञ के पहले दिन सोमवार को भव्य कलश यात्रा एवं मंडप प्रवेश का कार्यक्रम हुआ। सूर्य षष्ठी एवं अचला सप्तमी व्रत के दिन हजारों महिलाएं सिर पर कलश रखकर और पीत परिधान पहनकर यात्रा में शामिल हुई। जय रामदास त्यागी महाराज के नेतृत्व में होने वाले श्री सीताराम महायज्ञ के लिए कलश यात्रा से पहले अश्व पूजन किया गया। उसके बाद निकली कलश यात्रा में अयोध्या से आए संत रथों पर सवार होकर आगे चल रहे थे। यात्रा में हाथी, घोड़ा, बैंडबाजा और पीछे महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। कलश यात्रा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर से शुरू होकर शाहनिंदा, अग्रवाल टोली, गुरुद्वारा रोड, तहसील मुख्यालय, यूसुफपुर बाजार, फाटक होते हुए महादेवा मार्ग से गंगा तट पहुंची। यहां कलश में गंगाजल भरकर यज्ञ स्थल यात्रा लौटी। संत जयरामदास ने बताया कि श्री सोमेश्वरनाथ धाम परिसर में भगवान राम का नाम लेना ही लोक कल्याणकारी है। ऐसे में श्री सीताराम महायज्ञ का कार्तिक जैसे पवित्र मास में संपन्न होना क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बताया कि कल अरणी मंथन के साथ मंडप प्रवेश एवं यज्ञ प्रारंभ हो जाएगा। अयोध्या से आए संत महात्मा रोज प्रवचन करेंगे। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यज्ञ भगवान का दर्शन-पूजन करने की अपील किया। कलश यात्रा में आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी, श्रीराम राय कमलेश, रामाशीष यादव, विनोद राय, लल्लन राय, राजा राय, सौरभ राय, अजीत राय, बलराम राय, कलिंदर यादव, मटरू यादव आदि मौजूद थे।