खानपुर। थाना क्षेत्र के घोघवां मोड़ के पास शुक्रवार की देर रात घेराबंदी के दौरान एक लुटेरे ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तीनों को धर-दबोचा। उनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की दो बाइक, चार तमंचा, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया। पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस थानाध्यक्ष पन्नेलाल के नेतृत्व में मुहर्रम ड्यूटी को लेकर क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रात के समय राहगीरों और घर के बाहर बंधे जानवरों को चुराने वाले तीन शातिर बदमाश अनौनी की तरफ आने वाले हैं। पुलिस टीम घोघवा मोड़ के पास घेराबंदी करके तीनों को दबोचने का प्रयास करने लगी। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों को धर-दबोचा। फर्जी नंबर प्लेट लगी दो बाइक, चार तमंचा, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम छोटी उचौरी निवासी अजीत यादव उर्फ करिया, चकिया नेवादा निवासी मनोज यादव और तेलियानी निवासी विवेक यादव बताया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाने के टापटेन हैं। इनके द्वारा पूर्व में लूट, चोरी और बैंक चोरी जैसी बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी सिधौना योगेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी मौधा संजय कुमार सरोज, उपनिरीक्षक नागेंद्र उपाध्याय, कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल शमशेर सिंह, कांस्टेबल दिलीप यादव शामिल थे।