पूर्व मंत्री व उनके प्रतिनिधि पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पूर्व मंत्री व सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और उनके प्रतिनिधि के खिलाफ फेसबुक पर कमेंट कर जान से मारने की धमकी देने और गालीगलौज करने का आरोप लगाया गया है। गाजीपुर जिले के मुहम्मदपुर कुसुम निवासी सुनील कुमार पांडेय ने यह आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार देर शाम थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व मंत्री ने सुनील पांडेय के खिलाफ 16 मई को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 19 मई को जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद 21 मई को उसने पुलिस को तहरीर दी।
सुनील कुमार पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मैनें अपने मोबाइल से विधायक ओमप्रकाश राजभर को बीते 14 मई को फोन किया व उन्हें क्षेत्र की समस्याओं एवं करोना महामारी के विषय में अवगत कराया। इसी बीच पूर्व मंत्री मुझे भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे और परिणाम भुगतने की धमकी तक दे डाली।
इधर, विधायक के लोगों द्वारा मुझे बार-बार धमकी दी जा रही है और गोली मारने की बात की जा रही है। इस कारण मेरा परिवार काफी डरा, सहमा हुआ है। साक्ष्य के रूप में सुनील ने विधायक प्रतिनिधि रामजी राजभर के फेसबुक वॉल पर दर्जनों लोगों की ओर से कमेंट में उसके खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी, गाली, जान से मारने की धमकी आदि की टिप्पणियों को अपने प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किया है। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि सुनील कुमार पांडेय का प्रार्थना पत्र मिला है। उसकी जांच कराई जा रही है।