थाने में खूब हुआ ड्रामा: विवाहिता ने मोबाइल के लिए पति को छोड़ा, 10 महीने में टूटा सात जन्मों का पवित्र बंधन
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में मोबाइल के लिए एक महिला ने पति को छोड़ दिया। इससे पहले थाने में घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। पुलिस और सम्मानितजनों की पहल भी काम नहीं आई। मोबाइल के कारण 10 महीने में ही सात जन्मों का पवित्र बंधन टूट गया।
विस्तार
दुनिया को मुट्ठी में समेट लेने वाला मोबाइल पति-पत्नी के रिश्ते के बीच दरार पैदा कर रहा है। कई मामलों को तो सुलह-समझौते से सुलझा लिया जाता है। कई इतने ज्यादा बिगड़ चुके होते हैं कि कई प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा पाता और वो टूट जाते हैं। एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सामने आया जहां मोबाइल के लिए एक विवाहिता ने पति को छोड़ दिया। इससे पहले भुड़कुड़ा थाने में घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ।
पति-पत्नी के बीच चल रहे घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा को समाप्त करने के लिए पुलिस और सम्मानित जनों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराना चाहा। लेकिन, पत्नी ने मोबाइल न होने की दशा में पति से अलग रहने का फैसला कर 10 माह पूर्व हुई शादी को तोड़ अपने घर वापस चली गई।
होली के बाद ससुराल आई थी दुल्हन
भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के गौराखास निवासी युवक की शादी 31 मई 2022 को शादियाबाद थाना के बरहट गांव निवासी युवती से हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। पत्नी ससुराल में 15 दिन रहने के बाद मायके चली गई थी। होली के बाद विदाई का दिन रखा गया था।
दुल्हन ससुराल आई और फिर मोबाइल फोन से बात करने को लेकर पति- पत्नी में कहासुनी होने लगी। इसके बाद दुल्हन ने मायके वालों को बुलाकर घंटों पंचायत किया। लोगों ने काफी समझाया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो मामला कोतवाली पहुंचा। मोबाइल फोन को लेकर हो रहे टकराव के बाद फैसला लिया गया कि मोबाइल पति के पास रहेगा।
ये भी पढ़ें: फेरों के बाद टूटा रिश्ता: 200 के जगह दूल्हा कर रहा था 2000 की डिमांड, महिला के मुंह मारा नोट; फिर की गाली गलौज
स्टांप पेपर पर पति-पत्नी ने लिखा बयान
यह तया हुआ कि जब किसी मायके पक्ष का फोन आएगा तो पति बात करा देगा। मगर, यह बात दुल्हन को नागवार गुजरी। दुल्हन ने कहा कि अगर मोबाइल हमारे पास नहीं रहेगा तो मैं पति के साथ नहीं रहूंगी। इसके बाद सम्मानित जनों और पुलिस ने यह निर्णय लिया कि इनकी जो इच्छा करें।
इस पर पति- पत्नी ने स्टांप पेपर पर लिखित रूप से बयान दिया कि हम लोग अपनी रजामंदी से अलग रहना चाहते हैं। दहेज के सामान का लेनदेन करने के बाद दोनों हमेशा के लिए जुदा होकर अपने- अपने घर चले गए। इसकी चर्चा पूरे दिन होती रही।