गाजीपुर में शख्स की हत्या: सोते समय बांस से पीट- पीटकर ली गई जान, सुबह शव देख घरवाले रह गए हैरान
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में एक शख्स की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। घटना देर रात में सोते समय हुई। सुबह शख्स का शव देख घरवालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विस्तार
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के डेहमा गांव में घर के बाहर स्थित हाते में बने कमरे में सोमवार की रात चारपाई पर सो रहे राजमिस्त्री की भूमि विवाद में लाठी- डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों के रोने- बिलखने से ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर लिया। मृतक के बड़े भाई ने चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इधर पुलिस ने तीन संदिग्धाें को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
ये है पूरा मामला
डेहमा गांव निवासी जयप्रकाश गौड़ उर्फ उतील (50) राजमिस्त्री का काम करते थे। प्रतिदिन की तरह वह देर शाम घर पहुंचे और खाना खाने के बाद मकान के बाहर हाते में बने कमरे में सोने चले गए। दूसरे दिन सुबह सात बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तो भाभी मंजू उठाने के लिए कमरे में गई तो देखा कि राजमिस्त्री चारपाई पर मृत अवस्था में खून से लथपथ पड़े हुए हैं। इधर जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी घटना स्थल पर पहुंच गए और रोने- बिलखले लगे।
आवाज सुनकर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के बड़े भाई ददन गौड़ ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने घंटों छानबीन करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त खून लगा लाठी भी बरामद किया। बड़े भाई ददन गौड़ ने पुलिस को बताया कि करीब 15- 20 वर्ष पूर्व छोटे भाई जयप्रकाश गौड़ ने जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर रविंद्र खरवार, श्यामा गिरी, ऊषा गिरी और सुभाष उर्फ टुन्नू ने लाठी- डंडे से वारकर भाई की हत्या की है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: छात्र को लगी गोली, गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल; हुई मौत
मृतक के दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। तीन पुत्रियों की शादी हो गई है। जबकि पत्नी की करीब आठ वर्ष पूर्व निधन हो गया है। परिजनों के रोने- बिलखने से मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे थे।
प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश चंद कौशिक ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर रविंद खरवार, श्यामा गिरी, ऊषा गिरी और सुभाष उर्फ टुन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.