जमानिया। स्थानीय बार एसोसिएशन जमानियां के अधिवक्ताओं की बैठक सोमवार को तहसील परिसर स्थित सभागार में हुई। इसमें अधिवक्ता अजय कुमार राय से संबंधित मामले में कार्रवाई न होने पर अधिवक्ताओं ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। साथ ही धरना- प्रदर्शन करने लगे। एसडीएम व तहसीलदार के पहुंचने पर पत्रक सौंप चेताया कि जबतक मुकदमा दर्ज नहीं हो जाएगा प्रदर्शन जारी रहेगा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता अजय कुमार राय के खिलाफ गहमर कोतवाली में झूठा मुकदमा दर्ज किया। जबकि अधिवक्ता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर थाना प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस उदासीन रवैये पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई। बीते आठ अक्तूबर को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि अधिवक्ता के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता तो अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई संज्ञान न लिए जाने से अधिवक्ताओं में गहरा असंतोष व्याप्त है। निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहेंगे। साथ ही तहसील गेट पर धरना-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जबतक प्रशासन अधिवक्ता अजय कुमार राय के प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई नहीं करता है। इधर धरना की सूचना पर पहुंची एसडीएम ज्योति चौरसिया एवं तहसीलदार रामनरायण वर्मा ने अधिवक्ताओं की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अधिवक्ता की तहरीर पर उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी को एक पत्रक सौंपा। इस मौके पर सचिव अमरनाथ राम, उपाध्यक्ष सुनील कुमार, कमलकांत राय, उदय नारायण सिंह, मेराज हसन, फैसल होदा, मुनेश सिंह, अरविंद कुमार, पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे।