Sonam Raghuvanshi: यूपी के गाजीपुर से पकड़ी गई सोनम रघुवंशी, राजा मर्डर केस में अब तक पत्नी समेत चार गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से सोनम रघुवंशी को पकड़ा गया है। राजा मर्डर केस में पुलिस ने अब तक पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
मेघालय पुलिस का दावा है कि सोनम ने अपने पति राजा की हत्या कराई। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। अब तक सोनम समेत चार लोग इस हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए हैं।
सोनम रघुवंशी गाजीपुर के नंदगंज थाना इलाके से 17 दिन बाद पुलिस को मिली है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि पुलिस सोनम को जिला अस्पताल लेकर गई, चेकअप के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा है।
फिलहाल राजा की पत्नी सोनम कुछ नहीं बता रही है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। वह कुछ नहीं बता रही है। मेघालय पुलिस को सूचना दे दी गई है।
Within 7 days a major breakthrough has been achieved by the #meghalayapolice in the Raja murder case … 3 assailants who are from Madhya Pradesh have been arrested, female has surrendered and operation still on to catch 1 more assailant .. well done #meghalayapolice
— Conrad K Sangma (@SangmaConrad) June 9, 2025
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में राजा रघुवंशी के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। लाश को खाई में फेंकने से शरीर की हड्डियां भी टूट गई थीं। शिलॉन्ग एसपी विवेक सिम ने इसकी पुष्टि की थी। पुलिस को घटनास्थल से ही राजा की हत्या में इस्तेमाल हथियार- दाओ भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, धारदार हथियार एकदम नया लग रहा है, अंदेशा है कि इसे हत्या के इरादे से ही खरीदा गया था।
20 मई
राजा रघुवंशी और उनकी पते सोनम मध्य प्रदेश के इंदौर से असम के गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले में पहुंचे।
23 मई
जोड़े ने एक मंदिर में दर्शन किए, फिर चेरापूंजी के पास ओसारा हिल्स पहुंचे। दोपहर में परिजनों से बातचीत के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
24-25 मई
परिजन लगातार कॉल करते रहे, लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में पता चला कि किराए पर ली गई गाड़ी लावारिस हालत में मिली है।
26 मई
राजा और सोनम के परिजन शिलांग पहुंचे और दोनों के लापता होने की जानकारी मीडिया में आई और पूरे देश में वायरल हुई।
28 मई
जोड़ा जिस होमस्टे में रुके थे, पुलिस को उसकी तलाशी में उनके बैग मिले। खोजी कुत्तों की मदद से अभियान तेज किया गया।
29-30 मई
लगातार बारिश के कारण तलाशी अभियान बाधित रहा। पुलिस इस पूरे मामले को अब तक एक हादसे के रूप में देखती रही।
31 मई-1 जून
जिस स्कूटी से राजा और सोनम निकले थे, उसकी जीपीएस लोकेशन के आसपास जांच के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।
2 जून
राजा का शव खाई में मिला, जो सड़ चुका था। शव को ड्रोन-खोजी कुत्तों ने ढूंढा। इसे पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया।
गाजीपुर से सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बीच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पिछले महीने मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले से लापता हुए इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या के लिए कथित तौर पर तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) के अधिकारियों ने आरोपियों को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। मेघालय पुलिस की एसआईटी ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी और इंदौर से दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने कुछ और लोगों के नाम बताए हैं। डीजीपी ने बताया कि एसआईटी के अधिकारी रघुवंशी की पत्नी और बाकी लोगों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।