यूपी में बड़ी वारदात: होटल संचालक के बेटे की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद भागे बदमाश; तलाश में जुटी पुलिस
Ghazipur News: बाइक सवार बदमाशों ने होटल संचालक के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। संचालक के बेटे विनीत होटल से निकल रहे थे, कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके से भाग गए।
विस्तार
गाजीपुर शहर कोतवाली के फुल्लनपुर फत्तेहपुर सिंकदर स्थित एक होटल के बाहर विनीत राय (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन बाइक सवार हमलावरों ने शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद हत्यारोपी मौके से भाग गए। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पिता आलोक राय डब्लू की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इधर, शनिवार की सुबह वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया और एसपी डॉ. ईरज राजा ने घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी।
क्या है पूरा मामला
अष्टभुजी कॉलोनी निवासी व होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय डब्लू ने बताया कि फुल्लनपुर फत्तेहपुर सिंकदर में होटल संचालित होता है। बड़ा पुत्र विनीत राय और छोटा पुत्र आदर्श राय ही होटल की देखरेख करते हैं। दोनों पुत्र होटल पर ही थे।
बड़ा पुत्र विनीत राय घर जाने के लिए होटल से जैसे ही बाहर निकला गेट पर घात लगाए हत्यारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली विनीत के पेट, सीने और बांह पर जा लगी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी भाग गए।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि परिजनों से बातचीत और छानबीन में पता चला कि पूर्व की रंजीश को लेकर हत्यारोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। मृतक विनीत राय के पिता आलोक राय डब्लू ने शंकर पांडेय सहित तीन के खिलाफ नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
बिहार व उत्तर प्रदेश दबिश दे रही पुलिस की चार टीम
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि हत्याकांड में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई है। चारों टीम बिहार व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।