गाजीपुर। मंगलवार देर रात आई तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत तो दी लेकिन जिले में जनजीवन भी अस्त-व्यस्त कर दिया। कहीं सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ तो कहीं बिजली के खंभे धराशायी होने से हजारों घरों की बिजली गुल हो गई। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से एक लाख से अधिक लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।
दिनभर की उमस और तेज धूप के बाद मंगलवार रात अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी लेकिन कई स्थानों पर नुकसान भी पहुंचाया। एनएच-31 पर सुरतापुर गांव के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे गाजीपुर-भरौली मार्ग पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाद में स्थानीय लोगों ने पेड़ की डालियां काटकर रास्ता साफ कराया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी। वहीं तेज हवा से पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।