गाजीपुर: सड़क हादसे में बुझ गया परिवार का इकलौता चिराग, बाइक सवार वाराणसी रेफर
गहमर क्षेत्र में शनिवार देर रात बाइक की टक्कर से 15 वर्षीय यश गुप्ता की मौत हो गई। हादसे में घायल बाइक चालक को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
विस्तार
गहमर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय गांव में शनिवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 15 वर्षीय किशोर यश गुप्ता की मौत हो गई। वह परेमन शाह पोखरा से घर लौट रहा था। हादसे में बाइक चालक गोलू (22) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। यश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पोखरा से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के बड़े पिता योगेंद्र प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शंभू गुप्ता का इकलौता बेटा यश शनिवार देर रात परेमन शाह पोखरा से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से यश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की मदद से यश और बाइक चालक गोलू पुत्र अशोक कुशवाहा, निवासी लहना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने यश को मृत घोषित कर दिया। गोलू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
यश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे को खोने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े पिता योगेंद्र प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गहमर कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे का मामला संज्ञान में है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
