कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर में छात्राओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान शारीरिक शिक्षा की शिक्षिका अंकिता राय की ओर से छात्राओं को विषम और आपात परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने से जुड़ी आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। साथ ही छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस, सतर्कता, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसका मकसद बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने आसपास के माहौल के प्रति जागरूक बनाना है। ट्रेनिंग के दौरान मानसिक और शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, जल्दी फैसला लेने की क्षमता और जीवन कौशल बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं में सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करें की भावना बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को आपात स्थिति में आसपास मौजूद सामान्य चीजों का इस्तेमाल करके खुद को बचाने के तरीके भी बताए जा रहे हैं। उनको खुद की सुरक्षा के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। छात्राएं नियमित रूप से प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं। इस मौके पर वार्डेन वंदना राय, सावित्री कुशवाहा, ज्योति यादव, पूनम यादव आदि उपस्थित थीं।