स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 17 अगस्त को तीन पालियों में महाविद्यालय परिसर में होगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शरद कुमार की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में तय किया गया कि कोरोना गाइड लान का पालन करते हुए तीन पालियों में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक अनुक्रमांक 001 से 700 तक, द्वितीय पाली 12.30 से 1.30 बजे के बीच अनुक्रमांक 701 से 1400 तक एवं तृतीय पाली में तीन से चार के बीच अनुक्रमांक 1401 से अंतिम अनुक्रमांक तक के आवेदकों की प्रवेश परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली एक-एक घंटे की होगी। प्रवेश परीक्षा के संयोजक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि सत्र 2020-21 में स्नातक कला एवं विज्ञान संकाय एवं परास्नातक हिंदी, भूगोल एवं अर्थशास्त्र में प्रथम वर्ष में अध्ययनरत ऐसे शिक्षार्थियों को जिन्हें कोरोना संक्रमण के कारण प्रोन्नत किया गया है, उन्हें द्वितीय वर्ष में प्रवेश दो अगस्त से 14 अगस्त तक दिया जाएगा। संबंधित विद्यार्थी आवेदन पत्र के साथ प्रवेश पत्र संलग्न करते हुए प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न कराएं और बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा जमानिया में अपना शुल्क जमा कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करें। बीएससी प्रथम एवं द्वितीय वर्ष में प्रवेश का दायित्व रसायन विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार को दिया गया है। बैठक में डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अमित कुमार सिंह, राकेश चौबे, इंद्रभान सिंह, मनोज कुमार सिंह उपस्थित थे।