गाजीपुर। गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय समन्वय अंडर-15 सब जूनियर वर्ग के बालक और बालिकाओं की बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। वाराणसी मंडल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुुए यहां के खिलाड़ियों ने युगल वर्ग में स्वर्ण पदक तो एकल वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
जिला क्रीड़ाधिकारी देवीप्रसाद ने बताया कि 7 से 9 सितंबर तक यह प्रतियोगिता गाजियाबाद में आयोजित हुई थी। इसमें स्थानीय बैंडमिंटन प्रशिक्षक चंदन यादव की देखरेख में वाराणसी मंडल की 12 सदस्यीय टीम जिसमें 6 बालक और इतनी ही बालिका शामिल थीं ने प्रतिभाग किया था। एकल बालिका वर्ग में वाराणसी की हरीनंदिनी यादव ने मेरठ की श्रुति को फाइनल में 8-15, 15-10 एवं 15-3 से हरा दिया। बालिकाओं के युगल वर्ग में वाराणसी की हरीनंदिनी यादव और गाजीपुर की डेलिशा ने अयोध्या की काव्या और तनु को 8-15, 15-13 और 15-11 से हराकर युगल में स्वर्ण पदक जीता। एकल वर्ग में अयोध्या की तनु पाल ने गाजीपुर की डेलिशा को 15-9 एवं 15-13 से हराया। डेलिशा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। प्रशिक्षक चंदन यादव ने बताया कि जिले के छह शटलरों आयूष यादव, रुद्रप्रताप, आयूष बिंद, आराध्या, डेलिशा एवं रोहिणी ने प्रतिभाग किया था।