Datia Upchunav: दतिया उपचुनाव में जीत पर कांग्रेस का जश्न, निकाला विजय जुलूस; बोले- हम पर जनता का विश्वास है
Datia By-Election: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और खुशी जताई। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का विश्वास बताया तथा राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के मजबूत होने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
विस्तार
Ghazipur News: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। कांग्रेस कार्यालय से कस्बा चौकी तक निकले जुलूस में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नारेबाजी की, झंडे लहराए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
विजय जुलूस से पहले जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, बूथ स्तर पर किए गए कार्यों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दतिया उपचुनाव में मिली जीत का उत्सव मनाने का निर्णय लिया और जुलूस निकालकर अपनी खुशी जाहिर की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम पूरे देश के लिए स्पष्ट संदेश है। उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास लगातार कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है और लोग राहुल गांधी को देश के भविष्य के नेतृत्व के रूप में देख रहे हैं। उनका कहना था कि यह जीत कांग्रेस की नीतियों और संगठन की मजबूती का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया। सामान्यतः उपचुनावों में सत्ताधारी दल को बढ़त मिलती है, लेकिन दतिया के मतदाताओं ने अलग संदेश दिया है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी पार्टी ने तेज कर दी हैं। बूथ स्तर तक बैठकों का आयोजन कर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मजबूत राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी। जुलूस और कार्यक्रम में मधु राय, राकेश सिंह, मुनीर खान, राजेंद्र गौतम, रजनीकांत पांडेय, रामानंद यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।