जमानिया। बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के लिए शिक्षकों को अब भाषा और गणित को रोचक तरीके से पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चल रहे पांच दिवसीय गैर-आवासीय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन) प्रशिक्षण के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण की प्रभावी प्रविधियों का अभ्यास कराया गया।
तीसरे और चौथे बैच के प्रशिक्षण में एआरपी सुरेश कुमार और अखिलेश गिरी ने कहा कि प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों की मजबूत शैक्षिक नींव उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार है। भाषा और गणित की बुनियादी अवधारणाओं को खेल और गतिविधियों के माध्यम से रोचक बनाया जाए तो बच्चों के लिए सीखना आसान और आनंददायक हो जाता है। प्रशिक्षण में मुकेश केसरी, शशिकांत, श्रीकांत, विद्यावती, ओमवीर, गुलाब राम, विजय कुमार, सुनील कुमार, चंदा देवी, प्रियंका शर्मा, प्रीतम यादव, संत कुमार गुप्ता और गोरख नाथ सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।