गाजीपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में 22 साइटों पर 4 जी मोबाइल सेवाएं शुरू कर दी गईं हैं। शहरी क्षेत्र में जुलाई के अंत तक 19 साइटों को 4 जी में अपग्रेड कर दिया जाएगा। इससे 4 जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। ये जानकारी भारत संचार निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने दी।
बीएसएनएल आफिस में बुधवार को पत्रकारवार्ता में उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पास 2 जी या 3 जी सिम है, उसे वह निशुल्क 4 जी सिम में अपग्रेड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें निकटतम रिटेलर या सीएससी में संपर्क करना होगा। अगस्त तक सभी कापर पर कार्यरत लैंडलाइन और ब्राडबैंड को एफटीटीएच में परिवर्तित कर दिया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकतम मोबाइल बीटीएस पर बैट्री और पावर प्लांट उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे नेटवर्क की उपलब्धता बढ़ गयी है और भविष्य में और बैट्रियां मिल रही हैं। इससे उपलब्धता में सुधार होगा। ट्रांसमिशन नेटर्वक के सुधार के लिए एसएलए बेस्ड ओएफसी मेन्ट का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे फाल्ट शीघ्रता से ठीक किया जा रहा है। इससे संचार व्यवस्था में सुधार हुआ है। वर्तमान में बीएसएनएल अपने पुराने टैरिफ पर ही संचार सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। जबकि सभी प्राइवेट ऑपरेटरों ने जुलाई से अपनी दरों में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। उपभोक्ता व्हाट्सप चैट बोर्ड 18004444 हेल्पडेस्क के माध्यम से एफटीटीएच कनेक्शन बुक करा सकते हैं।