गाजीपुर। ताड़ीघाट-बारा मार्ग (नेशनल हाइवे 124 सी) से गाजीपुर- हाजीपुर मार्ग (एनएच 31) जल्द जुड़ेगा। इसके लिए शेरपुर कला और रेवतीपुर के बीच गंगा नदी पर पुल व सड़क का निर्माण होगा। ऐसे में जहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की दूरी घटकर दस किमी रह जाएगी। इस परियोजना के पूरे होने से बिहार ही नहीं चंदौली और जनपद के दो तहसील सेवराई और जमानिया के लोगों को फायदा मिलेगा।
जमानिया और सेवराई तहसील के लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे के जरिए लखनऊ तक की यात्रा करने के लिए करीब 40 किमी दूरी तय कर पहुंचना पड़ता है। लेकिन, इस मार्ग के बनने से 30 किमी की दूर घट जाएगी। लोग रेवतीपुर से गंगा पुल होते ही शेरपुर कला पहुंचकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भर सकेंगे। उधर, चंदौली जनपद जो हिस्से जमानिया तहसील से सटे हैं, उन्हें भी लंबी दूरी तय कर एक्सप्रेस-वे तक पहुंचना पड़ता था, लेकिन ताड़ीघाट-बारा मार्ग जुड़ने से इन्हें भी लाभ होगा। इसी तरह बिहार के चौसा, सासाराम, महोनिया, भभुआ, कोचस, दुर्गावती सहित अन्य इलाके के लोगों के लिए काफी सुविधा हो जाएगी। सपा बलिया सांसद सनातन पांडेय ने बताया कि गंगा पर पुल बनते ही काफी सहूलियत हो जाएगी। डीपीआर का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि वो 29 जुलाई को रेवतीपुर व शेरपुर कला के मध्य सड़क एवं गंगा नदी पर पुल निर्माण के संबंध में अनुरोध किया गया था। केंद्र के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बीते 16 अक्तूबर को पत्र भेजकर बताया कि गंगा पुल निर्माण प्रस्तावित है। डीपीआर की स्वीकृति दी जा चुकी है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।