गाजीपुर। कोरोना वायरस को लेकर गाजीपुर के सीमावर्ती जिले वाराणसी तथा आजमगढ़ को लाक डाउन कर दिया गया है। इसके चलते उनकी सीमाओं को सील कर दिया गया। इसी प्रकार बिहार की सीमा से भी आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया। वाराणसी जाने वाले मार्ग पर सिधौना, आजमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर दुल्लहपुर के करीब तथा बारा और देवल मार्गो को बंदकर यूपी-बिहार सीमा को सील कर दिया गया। यह नियम अगले आदेश तक लागू रहेगी।
सेवराई संवाददाता के अनुसार कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के क्रम में बिहार प्रांत के भी कई जिलों को लाकडाउन कर दिया गया है। इसके चलते गहमर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले यूपी, बिहार सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। बिहार प्रांत को जाने के दोनों प्रमुख मार्गो देवल कर्मनाशा पुल और बारा कर्मनाशा पुल पर मुख्य मार्ग को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। वहां बैरिकेडिंग करते हुए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार से सटे थाना क्षेत्र के दोनों प्रमुख मार्गों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इमरजेंसी और फल, दवा, सब्जी के अलावा किसी भी प्रकार के वाहनों, लोगों की आवाजाही पर पूर्णतया रोक है। खानपुर संवाददाता के अनुसार वाराणसी की ओर से जाने वाले मार्ग को सिधौना के पास पूरी तरह सील कर दिया गया है। इसी प्रकार इस रुट से होकर आजमगढ़ जाने वाले मार्ग पर भी बैरिकेडिंग कर दी गई है। इसी क्रम में दुल्लहपुर संवाददाता ने बताया कि क्षेत्र से होकर आजमगढ़ को जाने वाले मार्ग पर चिरैयाकोट के पहले सीमा को सील कर दिया गया है। इसके चलते इस सड़क पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है।