UP Chunav 2022: चुनाव से पहले मुख्तार पर बड़ी कार्रवाई, गाजीपुर में 2.15 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क
गाजीपुर में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी के महुआबाग में प्लॉट को कुर्क किया गया। कुर्क की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई।
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव में गर्माती सियासत के बीच बाहुबली मुख्तार अंसारी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। गाजीपुर में मुख्तार की पत्नी 2.15 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क कर ली गई। गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई बुधवार दोपहर हुई। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने पुलिस की रिपोर्ट आख्या पर आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी की महुआबाग ( मुहम्मदपट्टी) स्थित 381 वर्ग मीटर भूमि को कुर्क करने आदेश जारी किया था। इस पर सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह और सीओ सिटी ओजस्वी चावला के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम दोपहर दो बजे पहुंची।
गाजीपुर में करोड़ों की संपत्ति हो चुकी है कुर्क
डुगडुगी पिटवाकर 381 वर्ग मीटर भूमि कुर्क कर ली गई। इससे पहले बीते दिसंबर माह में गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा गजल होटल के प्रथम तल को ध्वस्त कराने के साथ ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद दुकानों को सील करने के साथ कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है।
इतना ही नहीं लाल दरवाजा के पास स्थित निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स और उसकी भूमि को कुर्क किया जा चुका है। इस संबंध में सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि डीएम के निर्देश पर माफिया मुख्तार अंसारी की दो करोड़ 15 लाख की बेनामी भू संपत्ति को कुर्क की गई है।
चुनावी मैदान से बाहर माफिया मुख्तार अंसारी
बता दें कि मऊ सदर विधायक मुख्तार अंसारी जेल में बंद है। इस बार इस विधानसभा चुनाव में मुख्तार मैदान में नहीं हैं। मुख्तार अंसारी की जगह उनके बेटे अब्बास ने सुभासपा के टिकट पर नामांकन दाखिल किया है।
मऊ सदर विधानसभा सीट पर 1996 से 2017 तक मुख्तार अंसारी का कब्जा रहा है। अब मुख्तार ने अपनी सुरक्षित सीट बेटे के लिए छोड़ दी है।