जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा को संस्था में राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों के उत्कृष्ट संचालन के लिए प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम अधिकारी इकाई द्वितीय डॉ. अरुण कुमार एवं स्वयं सेवक अतुल कुमार शर्मा को स्वामी विवेकानंद पुरस्कार से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने सम्मानित किया।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राजेंद्र सिंह रज्जू भइया संस्थान के आर्यभट्ट सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस एवं विवेकानंद पुरस्कार सत्र 2018-19 एवं 2019-20 में विशेष योगदान के लिए कुल 60 संस्थाओं, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवक, स्वयंसेविकाओं को यह पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि कोविड काल में रासेयो के स्वयंसेवक-सेविकाओं एवं कार्यक्रम अधिकारियों ने बहुत ही ईमानदारी से अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया है। कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने कहा कि हर व्यक्ति समान होता है। अपने कार्य से वह बड़ा बनता है। आज जो कार्यक्रम अधिकारी सम्मानित हो रहे हैं वह उनकी तपस्या का फल है। इस अवसर पर रासेयो के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राकेश कुमार यादव, वित्त अधिकारी संजय राय, कुलसचिव महेंद्र कुमार सहित तमाम महाविद्यालयों के प्राचार्य आदि रहे।