संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को जिले में जिला प्रशासन और विभिन्न संगठनों की ओर से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आंबेडकर पार्कों में प्रतिमाओं की सफाई की गई। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, नगर पालिका चेयरमैन सरिता अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी राजेश यादव ने नगर के लंका स्थित आंबेडकर पार्क में आंबेडकर प्रतिमा की सफाई की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी तहसील, ब्लाॅक, ग्रामसभा, नगर पालिका व पंचायत के आंबेडकर पार्कों की सफाई कराई जाए। उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर 14 से 28 अप्रैल तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इस दौरान प्रार्थना सभा, गोष्ठी, क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, महिला सशक्तीकरण एवं लैंगिक समानता सेमिनार आदि कार्यक्रम होंगे। जखनिया के गोविंद आंबेडकर पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की सफाई की। इस मौके पर प्रमोद वर्मा, धर्मवीर राजभर, उमाशंकर यादव, पीयूष सिंह, अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे। जमानिया में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया। गौतम बुद्ध कॉलोनी स्थित साहित्य उन्नयन संघ के जिला कार्यालय में आंबेडकर जयंती की पूर्व सांध्य पर गोष्ठी और काव्य पाठ का आयोजन किया गया। इस दाैरान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार चौहान ने कहा कि आंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए एक लाख जरुरतमंद बच्चों को मुफ्त में कॉपी, कलम व अन्य सामग्री दी जाएगी। बताया कि अभी तक लगभग 6 हजार बच्चों को कॉपी, कलम दी गई है। इस मौके पर डॉ. समरेंद्र मिश्रा, प्रमोद राय, डॉ. राम अवध सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। भाजपा के लोगों ने लंका स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा परिसर पर दीप जलाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, जिला मंत्री सुरेश बिंद, विनोद अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा मौजूद रहे।