Agnipath Protest: गाजीपुर के जमानियां स्टेशन पर युवाओं का धावा, आधे घंटे तक मालगाड़ी पर पथराव, आरपीएफ जवान घायल
अग्निपथ .योजना के विरोध में गाजीपुर जिले में दो दिन की शांति के बाद तीसरे दिन अचानक युवा उग्र हो गए। शनिवार को जमानियां स्टेशन पर युवाओं ने धावा बोल दिया। पथराव में आरपीएफ का एक जवान घायल हो गया।
विस्तार
अग्निपथ योजना के विरोध में वाराणसी और बलिया में बवाल थमने के बाद शनिवार को जौनपुर, मिर्जापुर और गाजीपुर में उग्र युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। अग्निपथ योजना के खिलाफ शुरू हुए विरोध प्रदर्शन की आंच शनिवार को गाजीपुर भी पहुंच गई। सुबह 10. 30 बजे जमानियां स्टेशन पर युवकों ने धावा बोल दिया और मालगाड़ी पर पथराव करना शुरू कर दिया।
करीब आंधे घंटे तक पथराव करने के साथ युवा प्रदर्शन करते रहे। पथराव में आरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। जमानिया कोतवाली पुलिस टीम, जीआरपी और आरपीएफ के मोर्चा संभालने पर युवक वहां से फरार हो गए। ऐसे में अन्य स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही कई उपद्रवी युवाओं को हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों का संचालन प्रभावित
विभिन्न प्रांतों और जनपदों में अग्निपथ योजना को लेकर कई दिनों से युवाओं का प्रदर्शन जारी है। इसको लेकर दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों के संचालन में प्रभाव पड़ा है। वाराणसी-छपरा, वाराणसी-मऊ- भटनी, पंडित दीनदायाल उपाध्याय- दानापुर रेलखंड पर संचालित ट्रेनों की रफ्तार थम गई है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के गहमर, भदौरा, दिलदार नगर और जमानिया रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिसबल तैनात है। वहीं गहमर, भदौरा और दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेनों के निरस्त होने से सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर अग्निपथ के विरोध में गाजीपुर जिले में दो दिन की शांति के बाद तीसरे दिन अचानक युवा उग्र हो गए।
शनिवार सुबह विरोध प्रदर्शन की आंच जमानियां स्टेशन पहुंच गई। युवाओं ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए जमानिया स्टेशन पर धावा बोल दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय से पटना की ओर जा रही मालगाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। इससे स्थिति गंभीर हो गई।करीब आधे घंटे तक पथराव से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा है।
सुबह 11 बजे तक पर्याप्त सुरक्षा बल पहुंचने के बाद युवा वहां से फरार हो गए। इस घटना में आरपीएफ कर्मी अब्दुल हसन के पैर में चोटें आई। इधर पुलिस टीम ने कई उपद्रवी युवाओं को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। एहतिहात के तौर पर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और लगातार चक्रमण कर रही है।