Afzal Ansari: जेल में बंद अफजाल अंसारी की फिर बढ़ी मुश्किलें, गाजीपुर डीएम ने लिया बड़ा एक्शन
मुख्तार अंसारी के भाई और पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के तीन शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है। गैंगस्टर के मामले में चार साल की सजा और लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद गाजीपुर के डीएम ने यह कार्रवाई की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्तार अंसारी के भाई और पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के तीन शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है। गैंगस्टर के मामले में चार साल की सजा और लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद गाजीपुर के डीएम ने यह कार्रवाई की। दर्जी टोला युसुफपुर निवासी मुख्तार अंसारी के भाई व पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के गैंगस्टर मामले में 29 अप्रैल को कोर्ट ने दोषी करार देते हुए चार साल कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
एक मई को लोकसभा के सेक्रेटरी जनरल ने पत्र जारी कर सदन की सदस्यता भी समाप्त कर दी थी। इसके बाद अफजाल के नाम से जारी तीन शस्त्र लाइसेंस को तीन मई को जिलाधिकारी ने निरस्त किया। अफजाल गाजीपुर जिला जेल में बंद हैं।
गाजीपुर लोकसभा उपचुनाव में कौन होगा दावेदार
अफजाल अंसारी को चार साल की सजा और लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद से गाजीपुर में उपचुनाव की संभावना है। उपचुनाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। एक तरफ जहां भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की चर्चा है। वहीं इस बात की भी चर्चा है कि आखिर अफजाल अंसारी की राजनीतिक विरासत कौन संभालेगा?
असलहों की बरामदगी के लिए अफजाल के आवास पर दबिश
लाइसेंस निरस्त होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार की शाम पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के आवास फाटक पर असलहों की बरामदगी के लिए दबिश दी। पूर्व सांसद की पत्नी से भी इस बारे में पूछताछ की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के साथ अफजाल के आवास पहुंचे। उस समय मुहम्मदाबाद के विधायक सुहैब अंसारी मन्नू और पिता पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी मिले। पुलिस अधिकारियों ने अफजाल के उन तीन असलहों को जमा करने को कहा, जिनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि असलहे जमा कर दिए गए हैं। लेकिन, उसकी रसीद के बारे में जानकारी नहीं है। अपर पुलिस अधीक्षक इससे संतुष्ट नहीं हुए और आवास की तलाशी ली। घर के अंदर पूर्व सांसद की पत्नी फरहत अंसारी मिली। सीओ और कोतवाल ने फरहत से असलहों के बारे में पूछा लेकिन उसने अनभिज्ञता जताई। तलाशी के बाद पुलिस दल चला गया। कोतवाली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत ने बताया कि असलहों की बरामदगी के लिए अफजाल के आवास पर दबिश दी गई।
अफजाल की पत्नी ने असलहों के बारे में अनभिज्ञता जताई है। अब पुलिस जेल में अफजाल अंसारी से असलहों के बारे में जानकारी लेकर जब्त करेगी। उधर, फाटक पर दबिश के दौरान बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा क्षेत्राधिकारी हितेंद्र कृष्ण आदि रहे।