गाजीपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग 49 तकनीकी अनुदेशकों की भर्ती करेगा। लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को तकनीकी ज्ञान का पाठ पढ़ाने के लिए पहले चरण में चयनित स्कूलों में एक-एक तकनीकी अनुदेशक की तैनाती की जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप विद्यालयों को कौशल केंद्रों (स्किल हब) के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के तहत पहले चरण में जिले के 34 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के साथ 15 पीएमश्री विद्यालयों का चयन किया गया है। इन 49 विद्यालयों में एक अतिरिक्त कक्ष को आरक्षित किया गया है, जिसमें प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इसमें अध्यापक एवं प्रशिक्षक की ओर से विद्यालय के छात्रों को चार ट्रेडों इंजीनियरिंग एंड वर्कशॉप, एनर्जी एंड एन्वायरमेंट, एग्रीकल्चर नर्सरी एवं गार्डनिंग और होम एंड हेल्थ के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जिले में 49 तकनीकी अनुदेशकों की आउट सोर्सिंग के तहत नियुक्ति की जाएगी। तकनीकी अनुदेशकों की सेवाएं अधिकतम एक वर्ष के लिए ली जाएंगी। इसके लिए उन्हें निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि विद्यालयों में अब बच्चों को तकनीकी कौशल का ज्ञान देने के लिए तकनीकी अनुदेशकों की भर्ती की जानी है। सीआरओ की अध्यक्षता वाली समिति की तरफ से इनका चयन किया जाएगा।