प्रदेश के सभी राजकीय, अनुदानित एवं निजी क्षेत्र के पॉलीटेक्निक संस्थाओं में शैक्षिक सत्र 2021-22 में दाखिले के लिए आनलाइन प्रवेश परीक्षा का आयोजन मंगलवार से किया जा रहा है। पहले दिन परीक्षा में तीनों पाली में पंजीकृत 210 परीक्षार्थियों में 44 अनुपस्थित रहे।
प्रवेश परीक्षा 31 अगस्त से चार सितंबर तक कराई जा रही है। तीन पालियों में हो रही इस परीक्षा में जिले में 840 अभ्यर्थी बैठेंगे। इनके लिए एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह आठ से साढ़े दस बजे तक, दूसरी दिन में बारह से ढाई बजे तक एवं शाम को चार से साढ़े छह बजे तक तीसरी पाली की परीक्षा आयोजित होगी। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य बसंतलाल ने बताया कि आज तीनों पाली में 210 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 166 परीक्षा में बैठे जबकि 44 अनुपस्थित रहे। बताया कि पहली पाली में 70 में 63 उपस्थित सात अनुपस्थित, दूसरी में 70 में 49 उपस्थित 21 अनुपस्थित एवं तीसरी पाली में 70 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था लेकिन 16 ने परीक्षा छोड़ दी जबकि 54 बैठे। मंगलवार को ग्रुप-ए इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विभिन्न ब्रांचों की परीक्षा हुई। परीक्षा कोविड गाइडलाइन के अनुपालन में कराई जा रही है।