भड़सर। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत बिरनो विकास खंड की 56 ग्राम पंचायतों में शनिवार को व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में मानपुर, ज्यंतिदासपुर, अरसदपुर, बिरनो, खरगपुर, बाबूरायपुर, जगदीशपुर विद्यापति, भड़सर, बद्दूपूर, भैरोपुर सआदतपुर सहित अन्य ग्राम पंचायतों में नालियों, खड़ंजों, मंदिरों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई गई। खंड विकास अधिकारी कौस्तुभ मणि पाठक ने बताया कि विकासखंड क्षेत्र में 160 सफाई कर्मियों को साफ-सफाई के काम में लगाया गया है। अभियान का उद्देश्य बारिश के मौसम में फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम करना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत कराए जा रहे सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सचिवों एवं संबंधित कर्मचारियों को सभी गांवों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाने का सख्त निर्देश दिया गया है। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सफाई कर्मियों ने जलभराव वाले स्थानों की सफाई, कूड़े-कचरे का निस्तारण और सार्वजनिक परिसरों की विशेष साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी अपने आसपास साफ-सफाई रखने और गंदगी व जलभराव नहीं होने देने की अपील की।