Firozabad: मोबाइल छीनकर भागे बदमाश, युवक ने किया पीछा तो हाथ व पेट पर चाकू से किए कई वार, हालत नाजुक
फिरोजाबाद में बदमाश युवक का मोबाइल छीनकर भागने लगे। इस पर उसने बदमाशों का पीछा किया। तो उन्होंने उसके हाथ व पेट पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद मौके से फरार हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाश सड़क पर चल रहे युवका का मोबाइल छीनकर भागने लगे। उसने पीछा किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। हाथ व पेट पर किए कई वार। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। जानकारी होने पर परिजन ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
बदमाश मोबाइल छीनकर भागे
घटना रसूलपुर थाना क्षेत्र के शहीद चौक के पास की है। यहां दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज निवासी नदीम (22) के भाई फराज की दुकान है। शाम करीब साढ़े सात बजे नदीम घर से अपने भाई की दुकान की तरफ जा रहा था। शहीद चौक के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद गली से होकर भागने लगे।
हाथ और पेट में चाकू से किए कई प्रहार
बदमाशों का पीछा करते हुए नदीम बीपीएल ग्रांउड स्थित सोनी ग्लास के पास तक पहुंच गया। यहां सुनसान जगह देखकर बदमाश बाइक रोककर खड़े हो गए। उन्होंने नदीम पर चाकू से हमला बोल दिया। बदमाशों ने उसके हाथ और पेट में चाकू से कई प्रहार किए।
पुलिस कर रही जांच
चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक बदमाश भाग गए। लोगों ने नदीम को अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। दक्षिण थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। जांच की जा रही है।