स्वास्थ्य शिविर का आयोजनः अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में हुआ, जांच के बाद दी गईं निशुल्क दवाइयां
फिरोजाबाद में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मरीजों के साथ पथरी के भी मरीज पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें दवाइयां दीं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन आसफाबाद स्थित लहरी अस्पताल में हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही निशुल्क दवा भी वितरित की गईं।
शिविर का उद्घाटन अधीक्षिका डॉ. लक्ष्मी लहरी ने फीता काटकर किया। शिविर में 65 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। डॉ. अजय सिंह ने मरीजों का परीक्षण किया। अधिकांश मरीज मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित थे। कई बुजुर्गों ने सर्दी के कारण हड्डी के जोड़ों में दर्द होने की समस्या बताई। पित की थैली में पथरी और अन्य रोग से संबंधित भी मरीज पहुंचे। उन्हें सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया।
निशुल्क दवा भी वितरित की गईं
डॉ. अजय सिंह ने दवा नियमित खाने के साथ योगाभ्यास करने की सलाह दी। मरीजों को दवा भी निशुल्क दी गईं। अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. लक्ष्मी ने बताया कि इस शिविर का मरीजों को लाभ पहुंचा है। जो गरीब मरीज धनाभाव में इलाज नहीं करा पा रहे थे। वह इलाज कराने आए थे। उन्हें निशुल्क दवा भी वितरित की गईं हैं।
शिविर में अनेक मरीजों ने लाभ लिया
रसूलपुर निवासी शबनम ने बताया कि शिविर में हमने डॉक्टर से परामर्श लिया है। अमर उजाला के इस शिविर से अनेक मरीजों को लाभ हुआ है। सूरजपुर निवासी विनीता सिंह ने कहा कि अमर उजाला को इस प्रकार के आयोजन कराते रहने चाहिए। ताकि गरीब मरीज भी स्वस्थ हो सकें। इस मौके पर डॉ. एसपी लहरी भी मौजूद रहे।