कंस मेला: धूमधाम से निकाली गई कृष्ण-बलराम की शोभायात्रा, दर्जनभर झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
फिरोजाबाद में बुधवार को कंस मेला का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कृष्ण-बलराम की शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर कस्बा में कंस मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बुधवार को कृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर ने फीता काटकर एवं एसडीएम शिकोहाबाद शिवध्यान पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा का मार्ग में अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा करके स्वागत किया गया।
मक्खनपुर कस्बा में होली की पंचमी से चार दिवसीय मेला आयोजित किया जाता है। बुधवार को मेला का तीसरा दिन रहा। इस दिन भव्यता के साथ कृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। करीब एक दर्जन झाकियों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा की शुरूआत नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर ने किया।
प्राचीन संस्कृति के परिचायक हैं मेला
उन्होंने कहा कि मेला हमारी प्राचीन संस्कृति के परिचायक हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। एसडीएम शिकोहाबाद शिवध्यान पांडेय ने कहा कि मेलों तथा शोभायात्राओं के माध्यम से हमारी प्राचीन संस्कृति का ज्ञान युवा पीढ़ी को होता है।
विभिन्न मार्गों से होकर मेला स्थल पर हुई समाप्त
बैंडबाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा जेबड़ा तिराहा से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए विभिन्न मार्गों से होकर मेला स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान कई स्थानों पर व्यापारियों ने पुष्पवर्षा करके मुख्य डोले का स्वागत किया। इस दौरान सीओ शिकोहाबाद देवेंद्र सिंह, ईओ अमर बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष बैजनाथ सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे। सभी ने शोभायात्रा के समापन के साथ ही मेला का आनंद लिया।