खागा। घर में ताला बंद कर निमंत्रण में शामिल होने गए दो परिवारों के घर को चोरों ने शनिवार की रात निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार कर दिए। सुबह जब घरवालों को सूचना मिली तो वह स्तब्ध रह गए।
कोतवाली खागा क्षेत्र के संग्रामपुर सानी निवासी शिवप्रसाद व उनकी पत्नी धनपत छह फरवरी को निमंत्रण में शामिल होने के लिए भोपाल गए थे। घर में ताला बंद था। रविवार की सुबह पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी, कि उनके घर का ताला टूटा है। शिवप्रसाद ने अपनी सास बृजरानी को सूचना दी। बृजरानी परिवार के लोगों को लेकर संग्रामपुर सानी पहुंची और घर के अंदर पहुंची तो घर का सारा सामान फैला पड़ा था। जांच के बाद पता चला कि चोर घर से करीब 550 रुपये नकद, दो जोड़ी सोने के झूमके, समेत अन्य जेवरात ले गए हैं। इसी गांव में चोरों ने शनिवार की रात को अजय गुप्ता के घर को भी निशाना बनाया। अजय गुप्ता के मकान में भी ताला बंद था और वह निमंत्रण में गए थे। रविवार की सुबह जब अजय अपने घर पहुंचे, तो दरवाजे का ताला टूटा देखा। पता चला कि चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, व सोने के जेवरात ले गए हैं। बृजरानी व अजय गुप्ता ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। प्रभारी इंस्पेक्टर खागा डीके शुक्ल ने बताया कि तहरीर पर घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।