फतेहपुर। शहर गाजीपुर मार्ग पर मंगलवार रात टेंपो और लोडर की सीधी भिड़ंत हो गई। अनियंत्रित लोडर बिजली पोल से टकरा गया। पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो सवार महिला की नर्सिंगहोम में मौत हो गई, जबकि पति समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लोडर चालक की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के जयराम नगर जोनिहा चौराहा निवासी हरीलाल टेंपो चालक हैं। वह मंगलवार को कृषि कार्य से गांव गाजीपुर थाने के गंभरी गांव गए थे। उनके साथ पत्नी उर्मिला गौतम (45), पड़ोसी रंगबहादुर सिंह (40) व उनकी पत्नी ऊषा सिंह (38) भी गए थे। यह लोग रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। गाजीपुर थाने के बड़नपुर गांव के पास सामने से आ रहे लोडर से टेंपो की सीधी भिड़ंत हो गई। अनियंत्रित होकर टेंपो खंती में चला गया। तेज रफ्तार लोडर दूसरी ओर बिजली पोल से जा टकराया। मौके से लोडर चालक भाग निकला था। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उर्मिला गौतम की नर्सिंग होम में इलाज के दौरान सांसें थम गईं। हरीलाल, रंगबहादुर, ऊषा सिंह जिला अस्पताल में भर्ती हैं। महिला के दो बेटे धनंजय और मुकेश हैं। उनकी तीन बेटियों में एक शादीशुदा है। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। लोडर चालक की तलाश जारी है।