केवई में चार पर बिजली गिरी, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फतेहपुर। बारिश के दौरान गरज के साथ गिरी बिजली से सोमवार की शाम केवई गांव की दो बेटियों की मौत हो गई। एक महिला और किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। केवई गांव गाजीपुर थाना क्षेत्र का है। गांव निवासी अनिल कश्यप उर्फ पूतन की मुस्कान (15) अपनी मां पार्वती (35) व लक्ष्मी सिंह यादव की बेटी प्रेमलता (20) छोटी बहन स्नेहलता (14) के साथ खेत में मूंग तोड़ने गई थी। अचानक शाम को बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए यह लोग आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। तभी बिजली पेड़ पर गिरी। पेड़ का एक हिस्सा भी टूटकर गिर गया। बिजली की चपेट में सभी लोग आ गए। घटना देखकर दूर खड़े पूर्व प्रधान सुनील तिवारी व ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। एंबुलेंस से सभी लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। डाक्टरों ने मुस्कान और प्रेमलता को मृत घोषित कर दिया। वहीं झुलसी पार्वती और स्नेहलता को भर्ती किया है।
दो की जान जाने से गांव में मचा कोहराम
फतेहपुर। बिजली से केवई गांव में हुई घटना से कोहराम मच गया। एक ही गांव में दो बेटियों की मौत से मातम छा गया। दोनों मजदूर परिवार की होनहार बेटियां थीं। वह भी खेतों पर काम कर गृहस्थी चलाने में सहयोग करती थीं।
अनिल कश्यप की दैवीय आपदा में जान गवांने वाले बेटी मुस्कान कक्षा छह की छात्रा थी। उसकी झुलसी मां पार्वती को परिवार के लोगों ने बेटी की मौत के बारे में नहीं बताया है। उसकी एक बहन व दो भाई भी है। भाई बहनों में कोहराम मचा है। वहीं लक्ष्मी सिंह यादव की बेटी प्रेमलता चार बहनों में सबसे बड़ी थी। वह बीए की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ खेत पर कामकाज कर रुपये भी कमाती थी। परिवारों की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। इसी वजह से बटाई पर खेत लेते है और पूरे परिवार संग मेहनत कर परिवार के गुजारा करते हैं। प्रेमलता की मौत से उसकी मां चंदावती का हाल बेहाल रहा है। एक बेटी काल के गाल में समा गई वहीं दूसरी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।