{"_id":"36a7d25ebe6fb71f748bbe67d3f68e77","slug":"government-spending-is-not-accounts-will-then-seas-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरकारी खर्च न किया तो खाते होंगे सीज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरकारी खर्च न किया तो खाते होंगे सीज
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
Updated Tue, 28 Jul 2015 12:30 AM IST
विज्ञापन
तय समयावधि में राज्य वित्त आयोग की धनराशि खर्च न करने पर ग्राम प्रधानों के खाते सीज होंगे। हंसवा ब्लाक के निरीक्षण के दौरान डीएम पुष्पा सिंह ने उक्त निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा का काम अधूरा मिलने पर ग्राम विकास अधिकारियों की क्लास ली। सहायक विकास अधिकारी के अभिलेख पूर्ण न होने पर बीडीओ को जांच करने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में स्टाफ नर्स रश्मि तिवारी के अनुपस्थित मिलने पर एक दिन वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समाजवादी पेंशन, इंदिरा और लोहिया आवास आदि के वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम में सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
विज्ञापन
कहा कि यदि 15 दिन में 13वें वित्त और राज्य वित्त का पैसा ग्राम प्रधान खर्च नहीं कर रहे तो खाते सीज कर दिए जाएंगे। जिलाधिकारी पुष्पा सिंह सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हंसवा पहुंची जहां पर प्रसव केंद्र में बिजली आपूर्ति न होने पर गर्मी से मरीज व तीमारदार कराहते मिले। जनरेटर नहीं चलाया गया था। इस पर डीएम का गुस्सा आसमान पर चढ़ गया उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी सुरेंद्र यादव को निर्देश दिए कि तत्काल कनेक्शन जनरेटर से कराकर आपूर्ति दुरुस्त करें। इसके बाद बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंच कर सीडीपीओ मनोज वर्मा से पुष्टाहार की जानकारी ली। इसके बाद पशु चिकित्सालय में पहुंचकर चिकित्सा प्रभारी राकेश कुमार गुप्ता से दवाओं की जानकारी ली।
विज्ञापन
इंसेट
वीडीओ, सचिव को दी हिदायत
प्रधान, ग्राम सचिव व अन्य अधिकारियों के साथ डीएम ने बैठक की। कहा कि ग्राम के विकास में सबसे ज्यादा हीलाहवाली ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और रोजगार सेवक बरत रहे हैं। कार्यशैली में सुधार नहीं लाए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक विकास अधिकारी पंचायत गया प्रसाद तिवारी के अभिलेख पूर्ण न होने पर फटकार लगाई और खंड विकास अधिकारी राजीव गुप्ता को एक सप्ताह के अंदर अभिलेखों के पूर्ण सत्यापन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। गांव में गंदगी का अंबार लगा है लेकिन एडीओ पंचायत द्वारा निरीक्षण नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन
इंसेट
पेंशन के लाभार्थियों का चयन जल्द पूरा करने के निर्देश
एडीओ समाज कल्याण मदन मोहन श्रीवास्तव का वृद्धा व विकलांग पेंशन पूर्ण न होने पर फटकार लगाई और जल्द पात्रों को चयनित कर लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि एक माह में आठ गांवों का निरीक्षण करें। इसके बाद उन्होंने ब्लाक परिसर में आम और पाखर के पौध रोपित किए। कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी एक एक पौध जरूर लगाएं। इस मौके पर लिपिक नरेंद्र कुमार, राम सिंह, पुष्पेंद्र, अजय मिश्र, जहीर, कमर उद्दीन समेत सभी कर्मचारी मौजूद रहे।