ढाबा संचालक के घर से तीन लाख की चोरी
फतेहपुर। गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ चोरों की चहलकदमी तेज हो गई है। ढाबा संचालक के घर से नकदी और जेवरात समेत तीन लाख का माल चोरों ने उड़ाकर सनसनी फैला दी है। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करके पड़ताल शुरू की है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के कढ़ीवा गांव निवासी आकाश पटेल का बेरागढ़ीवा लखनऊ मार्ग हाइवे पर होटल का कारोबार है। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि परिवार के सभी लोग घर में अलग-अलग जगहों पर सोये थे। शातिर चोर घर के बाहर दीवार में सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते कमरों तक पहुंचे। उसके कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़क र नकदी जेवरात चोरी कर ले गए।
उसकी अलमारी में पांच तोला वजन का सोने का हार, दो तोले की चेन, तीन सोने की माला, सोने की सुई, तीन जोड़ी पायल, बच्चों के चांदी के कड़े और 45 हजार रुपये की नकदी रही है। घटना की जानकारी परिजनों के बुधवार सुबह जागने पर हुई। कमरों का बिखरा पड़ा सामान देखकर हड़कंप मच गया। घर के पीछे के हिस्से में सीढ़ी लगी होने से पता चला कि चोर पीछे के रास्ते ही घुसे हैं। एसओ बलराम सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।