फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की अपहृत युवती का धर्म परिवर्तन कराने के बाद युवक ने निकाह का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती किसी तरह युवक के चंगुल से भाग निकली। घर लौटकर परिजनों को आपबीती बताई। युवती के बयान पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण, धर्म परिवर्तन, रुपये मांगने, फ्राड और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती शाखा इंटर कालेज की छात्रा है। वह घर से 31 मार्च को कालेज जाने के लिए निकली थी। रास्ते से शाखा गांव का मिर्जा साबिर युवती को ले गया था। पुलिस ने मिर्जा साबिर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। दो अप्रैल को युवती घर पहुंची। पुलिस ने युवती के बयान लिए। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे मिर्जा साबिर बांदा ले गया था। वहां एक मस्जिद में उसका धर्म परिवर्तन कराया। धर्म परिवर्तन कराने के बाद निकाह के लिए बोला। वह निकाह को तैयार नहीं हुुई। उससे निकाह में मेहर की रकम 10 हजार रुपये मांगी। रुपये घर से लाने का झांसा देकर भाग निकली। सीओ अनिल कुमार ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर धाराएं बढ़ाई गई हैं। विवेचना के दौरान मस्जिद और मौलवी की जानकारी की जाएगी। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। मेडिकल परीक्षण के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।