किशोरी से दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक ने दैनिकक्रिया के लिए गई किशोरी को दबोच लिया। आरोपी युवक ने किशोरी को तमंचा अड़ाकर खेत में ले गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी किशोरी को जानमाल की धमकी देकर भाग गया।
आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी के घर जाकर उलाहना दिया। वहां आरोपी के परिजनों ने भी पीड़िता के घरवालों को धमकी दी। इसके बाद किशोरी के पिता ने कोतवाली जाकर तहरीर दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस का कहना है जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने तहरीर देकर बताया कि उनके पड़ोसी के यहां उनका भांजा निवासी नगला रते सदर कोतवाली मैनपुरी करीब छह माह से रह रहा है। ग्रामीण ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसकी 16 वर्षीय पुत्री लघुशंका करने के लिए घर के बाहर निकली थी। इस दौरान भांजे ने पुत्री को दबोच लिया और तमंचा लगाकर खेतों की ओर ले गया। इस दौरान उसकी पत्नी व अन्य परिजन जाग गए। पुत्री को न देखकर वह लोग उसकी खोजबीन करने लगे।
उधर भांजे ने उसकी पुत्री के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर मौके से भाग गया। रात करीब एक बजे जब वह लोग पुत्री की खोजबीन कर रहे थे तो वह खेतों की ओर से रोते हुए आती दिखी। परिजनों को देखकर पुत्री ने घटना की जानकारी दी। शनिवार सुबह पीड़िता के परिजन हमलावर की ननिहाल गए और आरोपी की शिकायत की। इस पर उसके ननिहाल वालों ने पीड़िता के घर आकर धमकी दी। इस पर पीड़िता के पिता ने कोतवाली में भांजे समेत उसके चार मामा के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है। कोतवाल प्रमोद शुक्ल ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म की तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि भांजा शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।