प्रेमी को आशनाई पड़ी भारी: प्रेमिका के घर तमंचा लेकर पहुंचा, परिजनों ने जमकर पीटा, आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज
कंपिल थाना क्षेत्र में प्रेमिका के घर तमंचा लेकर पहुंचे प्रेमी की परिजनों ने जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को एक तमंचा 12 बोर व दो कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र में प्रेमिका के घर जाकर आशनाई करना प्रेमी को भारी पड़ गया। परिजनों ने प्रेमी युवक को तमंचा कारतूस सहित दबोच लिया और जमकर धुनाई की। पुलिस ने युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गुरुवार को उसका चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक का पड़ोसी गांव की युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर युवक को युवती के परिजनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात युवक तमंचा लेकर प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। इस पर परिजनों ने उसे दबोच लिया और जमकर धुनाई कर डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस पहुंचने पर परिजनों ने युवक पर युवती से जबरन दुष्कर्म करने की नीयत से घर में घुसने का आरोप लगाया। जबकि युवक ने पुलिस को बताया कि वह उधारी के 35 हजार रुपये लेने आया था। उसने फोन कर घर बुलाने की रिकार्डिंग भी पुलिस को सुनाई।
पुलिस युवक को तमंचा कारतूसों सहित थाने ले गई। दरोगा दीपक त्रिवेदी ने बताया गांव रुदायन निवासी जगवेंद्र सिंह को गांव घुंडी नगला के निकट से एक तमंचा 12 बोर व दो कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो गया है।
देवरानी ने जेठानी को घायल किया
वहीं, थाना क्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी हसन की पत्नी शायरा का अपनी देवरानी अफसाना से घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा है। गुरुवार को दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अफसाना ने जेठानी शायरा की धुनाई कर दी। शायरा ने थाने में देवरानी की शिकायत की। देवरानी के पक्ष में कस्बे के किन्नर थाने पहुंच गए और जेठानी के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बनाया। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।