फर्रुखाबाद। जनपद में गुरुवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 93 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें एक डॉक्टर भी कोरोना की चपेट में आए हैं। वहीं दो वृद्ध व एक वृद्धा की जान चली गई। जिले में अब तक संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा बढ़कर 8256 पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण का कहर थम नहीं रहा है। कोविड नियमों का पालन न होने से लोग लगातार संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। वहीं लोगों की जान भी जा रही है। जांच रिपोर्ट के अनुसार फतेहगढ़ के मोहल्ला मछली टोली निवासी डॉ.संतोष मिश्रा, गुंजन विहार कालोनी निवासी दंपती, मसेनी निवासी दो युवक, नगला दीना निवासी अधेड़ सहित शहर व बढ़पुर क्षेत्र के 75 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। इसके अलावा कायमगंज क्षेत्र की वृद्धा सहित तीन लोग, कमालगंज के दो लोग, मोहम्मदबाद के पांच, नवाबगंज का किशोर, राजेपुर का युवक व शमसाबाद के तीन लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव नहरैया निवासी वृद्ध की हालत बिगड़ने पर परिजन एल-2 अस्पताल फतेहगढ़ ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा फतेहगढ़ के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी वृद्ध की जांच रिपोर्ट 30 अप्रैल को पॉजिटिव आई। पुत्र ने उन्हें लखनऊ के कमांड हास्पिटल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान एक मई को मौत हो गई। इसे पोर्टल पर गुरुवार को चढ़ाया गया। जनपद में अब तक 8256 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7282 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके, जबकि 128 संक्रमित जान गवां चुके हैं। जिले में अभी 846 केस एक्टिव हैं।