Farrukhabad: दहेज के लिए पीटा...शिक्षिका बहू का हुआ गर्भपात, कोर्ट के आदेश पर पति सहित तीन पर मुकदमा दर्ज
Farrukhabad News: पीड़ता ने बताया कि ससुरालीजन कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। परिजनों ने कई बार पति सहित ससुरालीजनों को रुपये देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। 10 अप्रैल 2023 को पति सहित ससुरालीजनों ने रुपये देने का दबाव बनाया। इन्कार करने पर पति ने पेट में लात मार दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में दहेज के लिए पीटने के बाद शिक्षिका बहू का गर्भपात हो गया। महिला थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महिला के पति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कादरीगेट थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी साधना सिंह ने महिला थाने में दिल्ली करौल बाग गली नंबर तीन देवन नगर निवासी पति विपिन कुमार, ससुर जीत सिंह, सास संतोष कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें बताया कि वह बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका है। उसका 15 जुलाई 2013 को विपिन कुमार के साथ विवाह हुआ था। विपिन कुमार अनुसंधान केंद्र खुर्जा जनपद बुलंदशहर में वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी प्रथम के पद पर तैनात है। ससुरालीजन कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग कर उसको प्रताड़ित करने लगे। परिजनों ने कई बार पति सहित ससुरालीजनों को रुपये देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। वह गर्भवती हो गई।
सुसरालियों ने रुपये देने का दबाव बनाया
पति ने गर्भपात करने का दबाव बनाया। 10 अप्रैल 2023 को पति सहित ससुरालीजनों ने रुपये देने का दबाव बनाया। इन्कार करने पर पति ने पेट में लात मार दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आठ मई 2023 को उसका गर्भपात हो गया। सास ने उसके जेवर भी ले लिए। 21 अगस्त 2023 को ससुरालीजनों ने मारपीट कर उसको घर से निकाल दिया। तत्कालीन एसपी को प्रार्थना पत्र देने पर दोनों पक्षों को सुलह समझौता केंद्र में बुलाया गया, लेकिन वहां दोनों पक्षों में बात नहीं बनी।