फर्रुखाबाद। नौकरी के नाम पर लिए गए 25 हजार रुपये मांगने पर दबंगों ने युवक को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता ने डीआईजी के निर्देश पर चार नामजद समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीलीभीत जिले के थाना व कस्बा बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद हरित क्रांति कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार ने कादरीगेट थाने में अमन, पवन कुमार, शिवांशु यादव, केसर खान और दो अज्ञात पर धोखाधड़ी कर 25 हजार रुपये हड़पने, रुपये वापस मांगने पर पुत्र को बंधक बनाकर पीटने समेत कई धाराओं में प्राथमिकी लिखाई। कहा कि उनके बेरोजगार पुत्र शुभम शंखधार के संपर्क में आए अमन ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया। वह 25 हजार रुपये लेकर उत्तराखंड के काशीपुर ले गया। इसके बाद पांचाल घाट स्थित हेल्थ केयर नटरावेदा भेजा। यहां मिले पवन कुमार ने अधिक पढ़े लिखे होने की बात कहकर 35 हजार रुपये महीने वेतन देने की बात कही। 25 दिन तक कोई काम नहीं दिया। पवन ने एक करोड़ रुपये एक महीने में कमाने के बारे में बताया। दोस्त और रिश्तेदारों को बुलाकर उनसे रुपये जमा कराए। आसपास पता करने पर ठगी की जानकारी हुई। पुत्र ने पवन से अपने 25 हजार रुपये मांगे तो कहा कि यहां कोई सेलरी नहीं दी जाती। विरोध करने पर उसे कमरे में बंदकर कानपुर के थाना घाटमपुर के दामोदरपुर निवासी शिवांशु यादव व अन्य साथियों ने मारपीट कर सामान भी नहीं लेने दिया।