फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   Thunderstorm disrupted normal life

आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Sat, 21 May 2016 10:30 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो / फैजाबाद
अमर उजाला ब्यूरो / फैजाबाद Updated Sat, 21 May 2016 10:30 PM IST
विज्ञापन
Thunderstorm disrupted normal life
आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त - फोटो : अमर उजाला
जिले में शुक्रवार/शनिवार की रात ढाई बजे के करीब आई आंधी और पानी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि गर्मी से जूझते लोगों को काफी राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर पेड़ गिरने तथा बिजली के खंभे टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। मैंगो बेल्ट सोहावल व रुदौली में आमों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
विज्ञापन


मौसम विज्ञान विभाग कुमारगंज के अनुसार जिले में आंधी पानी के आने की वजह उड़ीसा का चक्रवात था। इस दौरान जिले में चार से पांच मिलीमीटर वर्षा हुई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से डेढ़ व एक डिग्री (33.5 तथा 23 डिग्री) कम होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वातावरण में आर्द्रता बढ़ गयी है। पानी गिरने से हर किसी को सुकून मिला है।
विज्ञापन


इलाकाई प्रतिनिधियों के अनुसार मिल्कीपुर, कुमारगंज, खंडासा, अमानीगंज, रुदौली, सोहावल, पूराबाजार आदि क्षेत्रों में आंधी-पानी से गर्मी-उमस से कुछ राहत मिली है। सोहावल में आंधी से कई घरों के टीन शेड व छप्पर उड़ कर दूर जा गिरे। पेड़ों के गिरने से कुछ लोगों को चोटें आईं हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। खेतों में खड़ी मक्का की फसल जमीन पर बिछ गयी।
विज्ञापन
विज्ञापन


आम को भारी नुकसान हुआ। सोखावां के ललकी पांडेय पुरवा में पेड़ गिरने से आरएन पांडेय को चोट लगी है। ज्वालामाई के पास पेड़ गिरने से सुचित्तागंज-नौवाकुआं मार्ग कुछ घंटे के लिए बाधित हो गया। प्रगतिशील किसान संजय चौबे लहरापुर ने इसे बागान मालिकों के लिये बड़ा झटका तो किसानों के लिए लाभकारी बताया है।

पटरंगा थाना क्षेत्र के रानीमऊ में यूकेलिप्टस का पेड़ टूटकर एचटी लाइन पर गिरा। इससे विद्युत पोल भी गिर गया। यहीं पर अंबिका के लड़के के मुंडन पर परदे पर चल रही फिल्म को देखने के लिए भीड़ जुटी थी। उस समय सप्लाई चालू थी, लेकिन केबल होने से हादसा बच गया। सूचना पर कर्मी ने पावर सप्लाई बंद कर दिया। 

तारुन में आई तेज आंधी से दर्जनों गांवों में बिजली के खंभे व तार टूटकर गिर गये। कई गांवों की बिजली गुल हो गयी। बेलगरा गांव में नन्सा-तारुन मार्ग पर एक नीम का पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। इससे तार व खंभे टूट गए। घूरीटीकर गांव में आंधी आने पर बच्चों के साथ भाग रही सरिता सिंह का हाथ गिरने से टूट गया।

बिजली के खंभे व तार के गिरने से बेलगरा, गदुरहवा, पारा गरीबशाह, टिकरी, करनाईपुर में बिजली बाधित हो गयी है। अवर अभियंता अवधेश पटेल ने बताया आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बादलों की कड़क से बिजली गिरने पर केवलापुर उर्फ तकमीनगंज के तुलसीराम के छप्पर में आग लग गयी। गोहर पर दौड़े ग्रामीणों ने छप्पर में लगी आग को बुझा दिया।

अब सोमवार-मंगलवार को आंधी-बूंदाबांदी
अब सोमवार-मंगलवार को आंधी-बूंदाबांदी के योग बन रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग कुमारगंज के अनुसार पंजाब और राजस्थान के ऊपर चक्रवात का एक दूसरा सिस्टम बन रहा है। इसके सक्रिय होने और आगे बढ़ने पर इन दोनों राज्यों के अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी आने और कही-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावनाएं हैं। 


ट्रैक पर पेड़ गिरने से लेट रहीं ट्रेनें
फैजाबाद। मुरादाबाद के पास रेलवे ट्रैक पर आंधी के दौरान पेड़ गिरने से रेल यातायात बाधित रहा। इससे फैजाबाद होकर गुजरने वाली ट्रेनें कई घंटे लेट रहीं। शनिवार को डाउन देहरादून-हावड़ा तीन घंटा, डाउन अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस आठ घंटा तथा डाउन अमृतसर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से फैजाबाद से गुजरीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed