अयोध्या। नगर निगम क्षेत्र के नया घाट मोहल्ले में सीवर लाइन में सफाई करने उतरे कर्मी की गैस रिसाव के कारण मौत हो गई है जबकि सफाई कर्मी को बचाने के चक्कर में दो अन्य कर्मी बेहोश हो गए। बेहोश कर्मियों को स्थानीय श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर नगर निगम व जल निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया गैस रिसाव के कारण मौत व बेहोश होना बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सही स्थिति की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में तोशीबा नामक निजी कंपनी को सीवर सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। शनिवार को अयोध्या जोन के नया घाट मोहल्ले के निकट निजी कंपनी के तीन कर्मचारी सीवर लाइन की सफाई करने के लिए पहुंचे थे।
आसपास के लोगों का कहना है कि प्रयागराज जिले का मनोज सिंह बिना किट व बेल्ट के सीवर लाइन की सफाई के लिए उतर गया। इसी दौरान गैस रिसाव के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा। यह देख दो अन्य कर्मी बांदा निवासी अजय सिंह व धमेंद्र सिंह भी नीचे उतर गए। गैस रिसाव के कारण ये दोनों भी बेहोश हो गए।
तीनों कर्मचारियों के बेहोश होने पर आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने के लिए गुहार लगाई। गुहार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह तीनों को निकालकर श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। दोनों विभागों के अधिकारियों का मानना है कि गैस रिसाव के कारण ही एक कर्मी की मौत हुई है।
अधिकारियों ने श्रीराम चिकित्सालय जाकर बेहोश कर्मियों व मृत कर्मी के परिवारीजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। नया घाट वार्ड के पार्षद महेंद्र प्रताप शुक्ल ने बताया कि घटना के दौरान सीवर लाइन में उतरे कर्मी सेफ्टी बेल्ट व किट नहीं पहने थे, इसी वजह से घटना हुई है।
नगर आयुक्त अयोध्या विशाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद श्रीराम अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारीजनों के लोगों को ढांढ़स बंधाया गया है। घटनास्थल पर जाकर जांच की गई है। इसके साथ ही पूरे मामले की विधिवत जांच कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ अयोध्या राजेश राय ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया है। सीवर में उतरे कर्मी संभव है कि गैस रिसाव के कारण बेहोश होकर गिर गए। तीनों को सुरक्षा पूर्वक बाहर निकालकर श्रीराम अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्रयागराज निवासी मनोज सिंह की मौत हो गई।