अयोध्या : जमीनी विवाद में बुजुर्ग की लाठी से पीटकर हत्या, पांच घायल, चार दिन से कब्जेदारी को लेकर चल रहा था विवाद
दो दिन पहले रघुनाथ को दूसरे गुट ने मारा पीटा था, जिसकी शिकायत पीड़ित पक्ष ने पुलिस से की थी। पुलिस दूसरे गुट की तलाश कर रही थी, लेकिन वह पक्ष भागता फिर रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तारुन थाना क्षेत्र के गुरौली गांव में शुक्रवार की सुबह ग्राम समाज की भूमि पर अवैध को लेकर 65 साल के बुजुर्ग की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की बुजुर्ग मां सहित परिवार के पांच सदस्य घायल हुए है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर एक महिला सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जमीनी विवाद की सूचना पुलिस के पास पिछले चार दिन से है लेकिन गंभीरता से नहीं लिया गया। हत्या की सूचना पर एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर व सीओ राकेश श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की।
घटना शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे की है। बताया गया कि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर गांव के रहने वाले लुट्टुर और रघुनाथ के बीच डेढ़ दशक से विवाद है। मृतक रघुनाथ यादव की पुत्री रीता यादव ने बताया कि चार दिन पहले विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी व जान लेने तक की धमकी दी गई थी। शुक्रवार को विपक्षी रामसुख यादव विवादित जमीन पर छप्पर रखने के लिये ईंट का पिलर और दीवार बनाने लगा। इसी को लेकर विवाद हुआ तो डायल 112 मौके पर पहुंचकर विवाद समाप्त कराया। मृतक के पुत्र शिवराम यादव का कहना है कि विवादित जमीन पर रामसुख से जबरिया कब्जा किया जा रहा था।
इसका विरोध करने पर विपक्षी लुट्टुर, राम सुख यादव, प्रदीप यादव पुत्र गण हौसिला यादव, लक्ष्मण यादव, विनोद यादव पुत्र गण लुदुर यादव, राम लग्न पुत्र अंगनू, गंगाराम यादव व सीताराम पुत्रगण राम लगन और राम लग्न की पत्नी ने लाठी, डंडे कुल्हाड़ी, टेंगारी व फावड़ा आदि से लैस होकर घर पर हमला बोल दिया। पिता रघुनाथ (65)की लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। भाई नंदलाल, शिवदास और पुत्र रोशन यादव, मां उर्मिला और दादी राजपति (90) की पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तारुन ले गई। जहां पर मौजूद डा. महिपाल सिंह ने घायल रघुनाथ को मृत घोषित कर दिया। घायलों का प्राथमिक इलाज कर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष हरे कृष्णा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रघुनाथ के पुत्र शिव राम की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 308,452 सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।