अयोध्या: राम मंदिर निर्माण का 30% काम हुआ पूरा, एक साथ दो लाख भक्तों के रुकने की होगी व्यवस्था
राममंदिर निर्माण समिति की बुधवार को समाप्त हुई दो दिवसीय बैठक में मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं को लेकर मंथन किया गया। इसके साथ ही 70 एकड़ के परिसर के विकास को लेकर भी चर्चा की गई।
विस्तार
राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट से फैसला आने के बाद राम भक्तों की संख्या में बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी हुई है। इसी को देखते हुए ट्रस्ट मंदिर परिसर में एक साथ दो लाख भक्तों के रुकने के लिए संसाधन जुटाने को प्रयासरत है।
राममंदिर निर्माण समिति की बुधवार को समाप्त हुई दो दिवसीय बैठक में मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं को लेकर मंथन किया गया। इसके साथ ही 70 एकड़ के परिसर के विकास को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर निर्माण का 30 फीसदी काम पूरा हो गया है। राममंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन कार्यदायी संस्था व ट्रस्ट के इंजीनियरों ने मंदिर परिसर में जुटाई जाने वाली यात्री सुविधाओं को लेकर प्रजेंटेशन दिया।
दीर्घकालिक योजना पर कर रहे काम
बैठक के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पत्रकारों को बताया कि दो दिवसीय बैठक में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं पर मंथन किया गया। अनेक प्रकार के तीर्थयात्री आएंगे इसलिए हम दीर्घकालिक योजना पर काम कर रहे हैं। तकनीकी काम है इसलिए बहुत जल्दबाजी नहीं की जा सकती।
70 एकड़ के परिसर को विकसित करने पर भी मंथन
चंपत राय ने कहा कि दिव्यांगों, बुजुर्गों के लिए कैसी व्यवस्था की जानी है, इस पर वृहद चर्चा हुई है। राममंदिर निर्माण के साथ-साथ 70 एकड़ के परिसर को विकसित करने पर भी मंथन हुआ है।