फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   Around 1234 people got vaccinated at 11 centers

11 केंद्रों पर करीब 1234 लोगों ने कराया टीकाकरण

Fri, 22 Jan 2021 11:51 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 22 Jan 2021 11:51 PM IST
विज्ञापन
Around 1234 people got vaccinated at 11 centers
53-अयोध्या-जिलाअस्पताल में चिकित्सक को कोरोना वैक्सीन लगाते स्वास्थ्य कर्मी - फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हो रहे टीकाकरण को लेकर शुक्रवार को दूसरे दिन 11 केंद्रों पर करीब 1234 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीकाकरण कराया। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में स्वास्थ्यकर्मियों में खासा उत्साह देखा गया। यहां सर्वाधिक 194 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई। जिले भर में हुए टीकाकरण में किसी भी व्यक्ति में किसी तरह की समस्या नहीं हुई। वहीं, उच्च अधिकारियों ने भी विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 16 जनवरी को कोविड-19 से बचाव के लिए बनाई गई वैक्सीन के उद्घाटन के बाद जिले में भी टीकाकरण शुरू हो गया है। जिले के 11 अस्पतालों क्रमश: जिला महिला अस्पताल, राजकीय श्रीराम चिकित्सालय, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मया बाजार, रुदौली, सोहावल, मसौधा, मिल्कीपुर, पूरा बाजार व बीकापुर में शुक्रवार को टीकाकरण किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो सेशन बनाए गए थे और प्रत्येक सेशन पर सौ-सौ स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक देने के लिए बुलाया गया था।
विज्ञापन

लगभग सभी अस्पतालों में सुबह 10 बजे तक टीकाकरण की शुरुआत हो गई। सुबह के समय पोर्टल धीमा होने के कारण विवरण फीड करने में थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन दोपहर बाद रफ्तार से टीकाकरण कराया गया। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने टीकाकरण केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षित टीकाकरण किए जाने के लिए मातहतों को निर्देशित किया। सायंकाल पांच बजे तक सभी अस्पतालों में टीकाकरण सकुशल संपन्न हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन

दिन भर चले टीकाकरण अभियान में बुलाए गए 22 सौ स्वास्थ्यकर्मियों के सापेक्ष करीब 1234 लोगों ने टीकाकरण कराया। इनमें टीकाकरण को लेकर सर्वाधिक उत्साह राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में देखा गया। यहां प्रिंसिपल प्रोफेसर विजय कुमार ने स्वयं खड़े होकर अधिकांश कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। दिन भर हुए टीकाकरण के यहां 200 के सापेक्ष 194 लोगों ने टीके की पहली खुराक ली।
इसके बाद सीएचसी मसौधा में 134, सीएचसी रुदौली में 117, सोहावल में 116, पूरा बाजार में 114, बीकापुर में 103 लोगों ने टीकाकरण कराया। जबकि जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सीएचसी मया बाजार, मिल्कीपुर व श्रीराम चिकित्सालय में 50 प्रतिशत टीकाकरण भी नहीं हो सका। यहां क्रमश: 99, 89, 88, 94 व 86 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई।
कुचेरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी मिल्कीपुर में टीकाकरण का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने परिसर में गंदगी देख अधीक्षक को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधीक्षक डॉ. अहमद ए हसन किदवई ने दोनों बूथों पर 80 लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने टीका लगवाने वाले लोगों से उनका हाल जाना।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी में सर्वर डाउन होने और पोर्टल पर अपलोड करने में दिक्कत होने के कारण काउंटर पर मौजूद डाटा फीडिंग ऑपरेटर और स्वास्थ्य कर्मी परेशान रहे। ऑफलाइन विवरण भी दर्ज किया गया। अधीक्षक अब्दुल खतीब अंसारी ने पहले टीका लगवाकर अभियान की शुरुआत कराई। टीका लगाने के बाद फार्मासिस्ट अनुराग मिश्रा, संतराम, संतोष, सतीश श्रीवास्तव, रईस हैदर, सुमन पांडेय, पुष्पावती देवी, सुनीता सोनी व सुमन तिवारी आदि ने बताया कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने निरीक्षण कर टीकाकरण का जायजा लिया।
मसौधा प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी पर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ बीडीओ एनएमआर त्रिपाठी ने राया। आशा बहू पूनम भारती व प्रमिला देवी ने पहले टीका लगवाया। निरीक्षण को पहुंचे खंड विकास अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि कैंप में प्रवेश कर चुकी महिलाओं को वैक्सीन का टीका लगाया जाए और पारदर्शी सूची तैयार किया जाय।
केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों से मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सूची में कागजातों का मिलान करके सत्यापन किया। इसके बाद उन्हें प्रतीक्षा कक्ष में बैठा दिया गया। जहां उनका विवरण पोर्टल पर ऑनलाइन फीड किया गया। पोर्टल पर सत्यापन के उपरांत उन्हें टीकाकरण कक्ष में भेजा गया। जहां मौजूद वैक्सीनेटर ने उन्हें टीके की खुराक दी। इसके बाद जरूरी बातों से उन्हें अवगत कराते हुए निगरानी कक्ष में भेजा गया। आधा घंटा तक निगरानी कक्ष में बैठने के बाद किसी तरह की दिक्कत न होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
कोविड-19 वैक्सीन को लगवाने के बाद शुक्रवार को भी सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मी काफी उत्साहित नजर आए। वैक्सीन को लेकर फैलाई गई भ्रांतियों से बचते हुए सभी से इसे लगवाने की अपील की। वैक्सीन लगवाने के बाद ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में कोरोना योद्धाओं ने इसे ऐतिहासिक पल बताया।
जब सभी लोग टीका लगवा लेंगे तो हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाएगी। तभी कोरोना को समुदाय से भगाया जा सकता है। हमने भी टीका लगवाया, किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।-डॉ. विकास अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला महिला अस्पताल
संक्रमण से बहुत कुछ प्रभावित हुआ है। शुरुआती दौर से टीके का बेसब्री से इंतजार था। सही समय पर वैक्सीन तैयार हुई है। इसे लगाने के बाद काफी अच्छा महसूस हो रहा है। -राजपति, स्टाफ नर्स, महिला अस्पताल
जब कोरोना की कोई दवा नहीं बनी है तो इससे बचने का सिर्फ वैक्सीन ही अच्छा विकल्प है। इसीलिए हमने भी टीका लगवाया है, सभी लोगों को टीका लगाकर सुरक्षित होना चाहिए। -उर्मिला विश्वकर्मा, मैट्रन, महिला अस्पताल
संक्रमण काल से ही लोगों स्क्रीनिंग करने की ड्यूटी थी, शुरू से हम लोग हाई रिस्क पर चल रहे थे। इतनी जल्दी टीका उपलब्ध हो गया, लगवाकर बहुत अच्छा लग रहा है। किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।-डॉ. पूजा सिंह, काउंसलर, महिला अस्पताल
संक्रमण के बुरे दिन अभी जेहन से गए नहीं हैं। सरकार व वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से सही समय पर वैक्सीन आ गई है। कोरोना से बचने का यही एक विकल्प है। टीका सभी को सुरक्षा प्रदान करेगा।-डॉ. एके पांडेय, आर्थो सर्जन, जिला अस्पताल
सुरक्षा की दृष्टि से कोरोना वैक्सीन लगवाना ही बेहतर है। इसे लेकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं न ही भय महसूस करें। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। हमें भी किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। -डॉ. डीपी सिंह, डेंटिस्ट, जिला अस्पताल
किसी को भी वैक्सीन को लेकर भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। निर्भीक और निडर होकर टीका लगवाएं और कोरोना जैसी महामारी को दूर भगाने में सहयोग करें।-डॉ. एके वर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल
टीकाकरण में सत्यापन के लिए आधार कार्ड जरूर लाएं, अन्यथा सत्यापन में परेशानी हो सकती है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। सामान्य वैक्सीन के अलावा इसमें किसी तरह का दुष्प्रभाव नहीं दिखा है। -डॉ. एसपी राय, ईएनटी सर्जन, जिला अस्पताल
कोरोना संक्रमण अभी गया नहीं है। मन में इसे लेकर हमेशा से भय था और वैक्सीन का इंतजार था। समय से मौका मिला तो इसे लगवाने के लिए उत्सुक थे। टीका लगने के बाद किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। -सविता चक्रवर्ती, महिला अस्पताल
सही समय पर वैक्सीन उपलब्ध हो गई है, जो गर्व की बात है। हमने मौका मिलते ही वैक्सीन लगवाया और खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हर किसी को अवसर मिलते ही टीका लगवाना चाहिए। -उमंग उपाध्याय, क्लीनिंग मैनेजर, महिला अस्पताल
वैज्ञानिकों के दिन-रात की मेहनत और अथक प्रयास से यह वैक्सीन तैयार हुई। हर किसी को सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीन लगवाना चाहिए। हमें भी काफी अच्छा महसूस हो रहा है और एक तनाव दूर हुआ है। -डॉ. अजय गुप्ता, श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या
कोविड से बचाव का यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, किसी भी तरह से कोई गंभीर रिएक्शन नहीं है। सभी को निडर होकर टीकाकरण कराना चाहिए। -डॉ. रामकिशोर, फिजीशियन, जिला अस्पताल
टीका से स्वास्थ्यकर्मी व आमजन को डरने की जरूरत नहीं है। मैं ने भी टीका लगवाया। अब विश्वास हो गया है कि कोरोना से मुक्ति मिल जाएगी। लोगों से अपील है कि मौका मिलते ही टीका लगवाएं।-डॉ. ज्ञान प्रकाश दूबे, तुलसी महिला अस्पताल, अयोध्या
एक बार संक्रमित हो चुका हूं। उस दौरान हुई समस्याओं से निजात तो मिली, लेकिन स्थायी रूप से इससे मुक्ति पाने का उपाय सिर्फ टीका लगवाना है। हर किसी को टीका लगवाने के लिए आगे आना चाहिए। -डीके श्रीवास्तव, फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी, अयोध्या
टीका लगवाकर बहुत अच्छा लगा। सभी लोग नंबर आने पर टीका अवश्य लगवाएं। किसी भी तरह का भ्रम मन में ना पालें। जन जागरूकता के द्वारा ही कोरोना को भगाया जा सकता है। -पूनम, सीएचसी मया
पहला टीका लगवाने के बाद भी जब तक दूसरी खुराक नहीं लगती लोग कोविड-19 पर शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें। दो गज की दूरी, मास्क, सैनिटाइजर आदि का प्रयोग अवश्य करें। -कंचन गुप्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्री
संक्रमण के चरम काल से ही टीके का बेसब्री से इंतजार था। सरकार के सकारात्मक रुख व वैज्ञानिकों के प्रयास से यह तैयार हुई। इसे लगाने के बाद काफी अच्छा महसूस हो रहा है।-डॉ. मांडवी दूबे, तुलसी महिला अस्पताल, अयोध्या

टीका लगवाने को बाद खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मन में संक्रमण को लेकर बैठा डर अब दूर हो गया है। पूरी ऊर्जा से अब और कार्य करने के लिए आत्मविश्वास बढ़ गया है। -अनुराग गौतम, जिला महिला अस्पताल

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद उत्साहित स्वास्थ्य कर्मी व अन्य अधि?

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद उत्साहित स्वास्थ्य कर्मी व अन्य अधि?- फोटो : FAIZABAD

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाने के पूर्व थर्मल स्कैनिंग करते पुलिस कर्मी

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाने के पूर्व थर्मल स्कैनिंग करते पुलिस कर्मी- फोटो : FAIZABAD

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी को लगाई जाती कोरोना वैक्सीन

अयोध्या-जिलामहिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी को लगाई जाती कोरोना वैक्सीन- फोटो : FAIZABAD

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed