योगी काठ के तख्त पर सोने वाले फक्कड़ आदमी, मोदी न चुनाव हारे हैं न हारेंगे: अमर सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दबे-कुचले-शोषितों की रक्षा करना क्षत्रिय समाज का धर्म है। तीर, तलवार व बंदूक का जमाना अब नहीं रहा। बच्चों में संस्कार अंकुरित कर क्षत्रिय समाज की ज्योति बुझने से बचाएं, तभी समाज, देश व प्रदेश में गौरवशाली इतिहास कायम रह पाएगा। ये बातें राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहीं।
वे रविवार को फैजाबाद के मया बाजार के सिलौनी गांव में बरुवार संघ के तत्वावधान में आयोजित पूर्वांचल क्षत्रिय महासम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
राज्यसभा सांसद अमर सिंह मुलायम सिंह पर हमलावर हुए। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने मुलायम सिंह पर सियासत करने का आरोप लगाया। उन्होंने महाभारत के कर्ण और दुर्योधन की मित्रता का जिक्र किया। कहा, कर्ण ने दुराचारी दुर्योधन का साथ दिया लेकिन जब अयोध्या में सरयू का पानी लाल हुआ था, तब वे सपा के सदस्य नहीं थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
कार्यक्रम को अशोक सिंह, भगवान बक्श सिंह, राजेश सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, आलोक सिंह आदि ने संबोधित किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने बरुआर वंश क्षत्रियों के कुल देवता करिया बाबा के मंदिर में पहुंच कर माथा टेका। राम विभूति सिंह के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम का संचालन समर बहादुर सिंह ने किया।
मोदी-योगी की तारीफ
सहादतगंज में स्वागत के दौरान अमर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तारीफ में कसीदे गढ़े। कहा, प्रदेश में योगी की सरकार है, भोगी की नहीं। वे काठ के तख्त पर सोते हैं और फक्कड़ आदमी है। उनके बारे में कुछ कहना प्रासंगिक नहीं है। पीएम मोदी के बारे में कहा कि वे कभी चुनाव हारे नहीं है और न ही हारेंगे।
जगह-जगह हुआ स्वागत
सड़क मार्ग से जाते हुए सांसद अमर सिंह का स्वागत केटी पब्लिक स्कूल के सामने अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एचबी सिंह व महासभा के प्रांतीय मीडिया प्रभारी पाटेश्वरी सिंह के नेतृत्व में किया गया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से महासभा के प्रांतीय महामंत्री डॉ. दिलीप सिंह, जगमोहन सिंह, केएन सिंह, दिवाकर सिंह प्रमुख रहे। कनकपुर में लक्ष्मण सिंह के आवास पर उनका स्वागत हुआ। सोहावल चौराहे पर सुरवारी निवासी ठाकुर अजय सिंह की अगुवाई में लोगों ने स्वागत किया।