Etawah: जीआरपी ने अंतरजनपदीय दो शातिर चोर पकड़े, फफूंद रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी, ये सामान हुआ बरामद
जीआरपी ने फफूंद रेलवे स्टेशन से अंतरजनपदीय दो शातिर चोर पकड़े हैं। ये लोग चलती ट्रेनों और प्लेटफार्म से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाएं करते हैं।
विस्तार
इटावा जिले में जीआरपी ने शनिवार को फफूंद रेलवे स्टेशन से अंतरजनपदीय दो शातिर चोर पकड़े हैं। इनके कब्जे से सोने, चांदी के जेवरात, नकदी व तीन एंड्रॉयड मोबाइल (अनुमानित कीमत एक लाख 15 हजार रुपये) बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय खरबार ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के नाम सनम उर्फ दुर्लभ उर्फ बाबा व अक्षय खन्ना हैं। यह दोनों स्टेट बैंक के सामने गिहार कॉलोनी थाना करहल जिला मैनपुरी के रहने वाले हैं। इनसे पूछताछ कर अन्य बदमाशों की भी जानकारी की जा रही है।
इनके पास से सोने की दो अंगूठी, सोने की एक जोड़ी झुमकी, सोने की नाक नथुनी, एक चांदी का चम्मच, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन व 500 रुपये बरामद हुए हैं। सनम उर्फ बाबा पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल में व अक्षय खन्ना पर थाना कोतवाली व थाना करहल जनपद मैनपुरी में मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग चलती ट्रेनों और प्लेटफार्म से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाएं करते हैं। ट्रेन के रुकने या धीमी होने पर चलती ट्रेन में चढकां खिड़की, दरवाजों के पास की सीटों पर बैठे यात्रियों के बैग, मोबाइल व अन्य कीमती सामान छीन कर भाग जाते थे।
ट्रेन की गति तेज होने पर चेन पुलिंग करके ट्रेन से कूदकर भागते थे। चोरी का सामान राह चलते लोगों को कम कीमत में बेचते थे। शातिरों को गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसएसआई नरेंद्र सिंह, एसआई जयकिशोर, शैलेश निगम, जितेंद्र कुमार, पवनेश कुमार शामिल रहे।