Etawah: सभासद और पूर्व सभासद में पथराव, दोनों पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, तीन की हालत गंभीर
मोहल्ला नौरंगाबाद में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें सभासद और पूर्व सभासद के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में पथराव के साथ लाठी-ड़डे चले, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व सभासद ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
इटावा जिले में सभासदी की रंजिश में शनिवार देर रात सभासद और पूर्व सभासदों के परिवारों में पथराव हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पूर्व सभासद की तहरीर पर सभासद पक्ष के छह लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला नौरंगाबाद में शनिवार देर रात पूर्व सभासद मजहर तौकीर व वर्तमान सभासद इलियास उर्फ भूर्रे निकाय चुनाव में नौरंगाबाद से सभासद सीट पर चुनाव लड़ने के लिए आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्षों में जमकर ईंट, पत्थर एवं लाठी-डंडे चले।
पूर्व सभासद मजहर तौकीर के घर पर पथराव हुआ। इस दौरान पूर्व सभासद की बेटी ने घटना का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो में पूर्व सभासद मजहर तौकीर व उनका बेटा शीबू तौकीर लहूलुहान नजर आ रहे हैं। घर पर ईंट पत्थर भी पड़े हैं। पथराव में वर्तमान सभासद को भी चोटें आई हैं।
सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जाकर जांच की। एसपी सिटी कपिल देव और सीओ सिटी अमित सिंह ने देर रात घटनास्थल पर जाकर स्थितियां देखीं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मजहर तौकीर की तहरीर पर इलियास सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
10 साल से चल रही रंजिश
पूर्व सभासद मजहर तौकीर 10 साल पहले नौरंगाबाद से सभासद चुने गए थे। उसके बाद हुए चुनाव में उनके पड़ोसी इलियास उर्फ भूरे ने चुनाव में मजहर को हरा दिया। तभी से दोनों ही परिवारों में रंजिश चली आ रही है।
तौकीर का बेटा लड़ना चाहता था चुनाव
कुछ साल पहले मजहर तौकीर की नियुक्ति शिक्षा विभाग में सरकारी शिक्षक के पद पर हो गई। सरकारी शिक्षक बनने के बाद मजहर तौकीर पिछला चुनाव नहीं लड़े। इस बार होने वाले निकाय चुनाव में मजहर का बेटा शीबू तौकीर ने चुनाव लड़ने का मन बना लिया था। उसने बैनर होर्डिंग भी लगवा दिए थे।